छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि इस सरकार की नीतियों ने अमीरों को और अमीर बना दिया है और मध्यम वर्ग जो गरीब था, उसे अपने हाल पर छोड़ दिया गया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट आज 21 मार्च से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यकर्ता के साथ बैठक लेंगे।
उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अब चुनाव से ठीक पहले, भाजपा सरकार गैस सिलेंडर पर कुछ पैसे कम कर रही है और पेट्रोल और डीजल पर भी कुछ पैसे कम कर रही है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि 9 साल तक गरीबों की जेब पर डाका डालने के बाद वोट लेते समय इस तरह की हरकत करेंगे, तो जनता समझ जाएगी। मेरा मानना है कि इस चुनाव में भारत गठबंधन बहुत मजबूती से लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम सब कुछ दिन पहले मुंबई में थे। भारत के सभी नेता वहां मौजूद थे, इसलिए विपक्ष मजबूती से चुनाव लड़ रहा है, लेकिन अगर कांग्रेस को इस तरह निशाना बनाया जाता है, तो कहीं न कहीं लोकतंत्र कमजोर हो रहा है।
प्रभारी सचिन पायलट का दौरा कार्यक्रम
दौरे के दौरान प्रभारी सचिन पायलट रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। साथ ही लोकसभा चुनाव के तैयारियों पर भी चर्चा करेंगे। प्रभारी सचिन पायलट आज गुरूवार को दोपहर 1:40 बजे नई दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे। दोपहर 1:45 बजे रायपुर से जांजगीर चांपा के लिए रवाना होंगे। शाम साढ़े चार बजे जांजगीर में चुनाव प्रचार और जांजगीर-चांपा लोकसभा कार्यकताओं की बैठक में शामिल होंगे। शाम छह बजे जांजगीर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे और बिलासपुर में रात्रि विश्राम करेंगे। पायलट का दूसरे दिन 22 मार्च शुक्रवार को सुबह साढ़े नौ बजे बिलासपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। सुबह साढ़े 11 बजे राजीव भवन रायपुर में स्थानीय कार्यक्रम और रायपुर लोकसभा के कार्यकताओं की बैठक में शामिल होंगे। शाम चार बजे राजीव भवन से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। शाम 5:55 बजे रायपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।