छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कोयले से लदी एक मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग पर हुआ। रेल विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
अधिकारियों के मुताबिक, कोयले से लदी मालगाड़ी नैला रेलवे स्टेशन से मध्य प्रदेश के जैतहरी के लिए रवाना हुई थी। स्टेशन से कुछ दूर आगे ही रेलवे स्टेशन के साइडिंग पर सुबह 11.10 बजे मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी से उतर गए।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारण रेलगाड़ियों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई, लेकिन डाउन लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक कंट्रोल में समस्या हुई। घटना की जांच की जा रही है। इसके बाद ही घटना के कारणों की जानकारी मिल सकेगी।