कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और सोशल मीडिया चेयरमैन सुप्रिया श्रीनेत
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
CG chunav 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और सोशल मीडिया चेयरमैन सुप्रिया श्रीनेत ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस-कॉन्फ्रेंस ली। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह में तंज कसा।
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ का चुनाव मुहाने पर है, तो कांग्रेस सरकार अपने काम के दम पर, अपने रिपोर्ट कार्ड पर जनता से वोट मांग रही है। हमारी प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से जुमलों की बारिश कर रही है। उन्होंने मोदी और शाह पर तंज कसते हुए कहा कि फेंकने में पीएम मोदी और उनके परम चेले अमित शाह का कोई जवाब ही नहीं है, पर इस चुनाव की सारी लड़ाई अंततोगत्वा-रेवड़ी और रबड़ी पर आकर टिक गई है।
उन्होंने कहा कि हमने गरीबों, शोषितों, वंचितों और आदिवासियों के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया है। इसे नरेंद्र मोदी रेवड़ी बताते हैं। उन्होंने अडानी के लिए दिन रात मेहनत की, लेकिन उस रबड़ी पर चर्चा नहीं करते। इस दौरान श्रीनेत ने कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार की बड़ी उपलब्धियां गिना गिनाई है।
श्रीनेत ने कहा कि इस दौरान केंद्र सरकार ने सिर्फ और सिर्फ रोड़ा लगाने का काम किया। यहां तक कि हमारी सरकार की ज्यादा दाम पर धान खरीदने की पहल को भी रोकने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि लेकिन हम भी कम नहीं है, तू डाल-डाल तो मैं पात-पात। श्रीनेत ने कहा मोदी सरकार ने ऑर्डर निकाल कर कहा कि अगर कोई सरकार एमएसपी से ज्यादा पर धान खरीदेगी तो केंद्र सरकार के पूल में वो नहीं खरीदा जाएगा। पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि रेवड़ी रेवड़ी चीखने वाले अडानी के लिए लगातार रबड़ी परोसी है। बस्तर में एनएमडीसी के नगरनार स्टील प्लांट को अडानी को सौंपने की पूरी तैयारी के बावजूद अब कहा जा रहा है ऐसा नहीं होगा। तो फिर वित्त मंत्रालय की विनिवेश वेबसाइट पर अभी तक इसका नाम क्यों है। यह वही चुनावी जुमला है, जिनकी बौछार करके प्रधानमंत्री खुद उनके बारे में अगले पल ही भूल जाते हैं।
गिनाई उपलब्धियां
- 40 लाख लोग गरीबी की सीमा रेखा से ऊपर आए
- 44 लाख परिवारों का बिजली बिल हाफ होने से 4000 करोड़ का फायदा मिला
- 6.5 लाख किसानों को 10,200 करोड़ की निःशुल्क बिजली दी
- 85,000 नौकरियां दी गई
- 5 लाख रोजगार बनाए गए
- 2018 के पहले मात्र 12 लाख किसान धान बेचने के लिए रजिस्टर होते थे, अब करीब 25 लाख किसान रजिस्टर्ड हैं
- तमाम कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 1.75 लाख करोड़ लोगों के खाते में सीधे डाले
- 700 से ऊपर स्वामी आत्मानंद विद्यालय बनवाए
- मेडिकल कॉलेज 7 से बढ़कर 11 हुए, 3 निजी कॉलेज, 4 और खुलेंगे
- एमबीबीएस की सीटें दोगुनी हो गई
- कौशल्या माता मंदिर का जीर्णोद्धार किया
- राम वन गमन पथ बनवाया
इन वादों को पूरा करने का किया दावा
- कांग्रेस सरकार हर किसान का एक बार फिर से कर्जा माफ करेगी
- प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी
- 17.5 लाख आवासहीनों के लिए मकान बनाएंगे
- 5 सालों में 15 लाख लोगों को रोजगार के लिए रोजगार मिशन लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा
- जातिगत जनगणना कर लोगों को उनका हक दिया जाएगा
- आबादी के अनुपात में बनाए गए आरक्षण संशोधन विधेयक के 76 प्रतिशत आरक्षण को लागू किया जाएगा
- स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की संख्या बढ़ाई जाएगी
- बिजली बिल हाफ योजना को आगे बढ़ाया जाएगा