प्रेस कॉन्फ्रेंस लेते बीेजेपी नेता
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ बीजेपी ने आज सड़क को लेकर कांग्रेस को घेरा। राज्य सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को गड्ढागढ़ बना दिया है। सड़कों की हालत क्या है? ये किसी से छिपी नहीं है। बीजेपी ने दावा करते हुए कहा कि खराब सड़क से 6 महीने में 3219 मौतें हुई हैं। वहीं 93 प्रतिशत सड़कें अमानक हैं।
बीजेपी महामंत्री केदार गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दिसंबर 2022 तक छत्तीसगढ़ की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। सवाल करते हुए पूछा कि आज 8 महीने से ऊपर हो गए हैं। क्या छत्तीसगढ़ की सड़कें गड्ढामुक्त हो गई हैं? 1 अगस्त को मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की बैठक कर बरसात के बाद सड़कों को ठीक करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री केवल निर्देश देते हैं, दिखावे के लिए अखबारों और मीडिया में खबर छपवाते हैं, लेकिन सड़कें अभी तक सुधरी नहीं है। इससे उन्हें कोई लेना-देना नहीं है।
'राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए सड़कों पर बिछाते हैं फूल'
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए सड़कों को ठीक किया जाता है। सड़कों को गुलाब की पंखुड़ियों से सजाया जाता है, क्योंकि गांधी परिवार को कही सड़कों में हिचकोले न लग जाए, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता आये दिन सड़कों में हिचकोले खाये उससे मुख्यमंत्री की कोई मतलब नहीं है। ये दिखता है छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति मुख्यमंत्री कितने गंभीर हैं। आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में छत्तीसगढ़ का विकास तो हुआ नहीं है, लेकिन भूपेश सरकार ने अपने नेताओं का विकास जरूर किया है। इसलिए भिलाई नगर निगम ने राज्य सभा सांसद रंजीत रंजन के मद से कांग्रेस नेता के होटल को फायदा पहुंचाने के लिए 25 लाख रुपए की सीसी रोड बना दी है। मतलब साफ है लोगों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन कांग्रेसियों को सुविधा पूरी मिलनी चाहिए।
बीजेपी ने उठाए सवाल
- कांग्रेस ने जनता के हित का पैसा अपने राजनैतिक एवं व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए उपयोग कर छत्तीसगढ़ के ग्रामीणों को बेहतर सड़क से वंचित रखा है। इसका जीता जागता उदाहरण है कि कैबिनेट मंत्रियों के घर तक पहुंचने वाली सड़कें चकाचक हैं, लेकिन आमजन तक पहुंचने वाली सड़कें गड्डा और सिर्फ गड्डा।
- कांग्रेस के भ्रष्टाचार और लूट की पराकाष्ठा इस कदर है कि छत्तीसगढ़ की सीमेंट और कॉन्क्रीट से बनी 93 प्रतिशत सड़कें अमानक हैं। 7401 सड़कों के सैंपल में से 6852 सैंपल फेल हो गए, जो बताता है कि आम जन के लिए बनने वाले सड़कों पर भी लूट का खेल खेलने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ा।
- भूपेश सरकार के भ्रष्टाचार के कारण छत्तीसगढ़ की जनता को सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवानी पड़ रही है। पिछले 6 महीने में ही प्रदेशभर में सड़क हादसों में 3219 मौते हुई हैं। ये दुर्घटनाएं नहीं बल्कि कांग्रेस सरकार की लापरवाही से हो रही मौते हैं। भूपेश को जवाब को देना होगा आखिर इन बेगुनाह लोगों को मौत के मुंह में क्यों धकेला?
- रायपुर में हर महीने औसतन 47 लोग खराब सड़क के कारण हादसों में अपनी जान गंवा रहे हैं। क्या सोए हुए पीडबल्यूडी मिनिस्टर इसके लिए अपना इस्तीफा देंगे?
- छत्तीसगढ़ को लूट रही कांग्रेस सरकार को जनता ने आने वाले चुनाव में जवाब देने का मन बना लिया है, जो विकास 2018 से रुका हुआ है उसे पुनः स्थापित कर छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नए भारत के विकास के नए संकल्प के साथ जुड़ने को अब तैयार है।
- भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ के विकास को गड्ढे में डालने का काम किया, अब आगामी चुनाव में जनता कांग्रेस को गर्त में डालेगी।