कार को पलटते देख आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार महिला डॉक्टर और उनके परिजनों को बाहर निकाला। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस बुलाकर बुरी तरह झुलस चुके सभी लोगों को स्थानीय अस्पताल में भेजा।
छत्तीसगढ़ के जशपुर में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां पिकअप से टक्कर के बाद कार में आग लग गई। जिसमें एक महिला डॉक्टर अपने परिवार सहित सवार थी। आग लगने के कारण सभी लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। गंभीर हालत में सभी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, महिला डॉक्टर अपने पति और बच्चों के साथ ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए जांजगीर से जशपुर जा रही थी।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर विजय लक्ष्मी चंद्रा अपने पति सरोज चंद्रा और दो बच्चों के साथ जशपुर के लोखंडी में ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए जांजगीर से कार से जा रही थीं। घटना के समय कार उनके पति सरोज चंद्रा चला रहे थे। जब वे तुमला क्षेत्र के चट्टीडाड के सिलपहरी घाट के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रही पिकअप ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों के बीच हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कार पलट गई और उसमें आग लग गई।
कार को पलटते देख आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार महिला डॉक्टर और उनके परिजनों को बाहर निकाला। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस बुलाकर बुरी तरह झुलस चुके सभी लोगों को स्थानीय अस्पताल में भेजा। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, सभी की हालत नाजुक है। वहीं, पिकअप का ड्राइवर भी घायल हो गया। उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है। वहीं, हादसे के बाद कार बुरी तरह से जल गई।
विज्ञापन
घटना को लेकर लोगों ने बताया कि स्टेट हाईवे पर कोतबा-लावाकेरा सड़क मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क के एक साइड में गिट्टी का ढेर लगा दिया गया है। ऐसे में दोनों ओर से गाड़ियां आती हैं तो चालक साइड नहीं दे पाते हैं। लोगों ने बताया कि हमेशा धूल का गुबार छाया रहता है। जिसके कारण आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।