जांजगीर चांपा जिले के सारागांव में स्थित नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के निवास का भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। घेराव के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झपटी भी हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी को लाठी मारने के विवादित बयान को लेकर निवास का घेराव किया गया है। भाजपा कार्यकर्ता सारागांव की गलियों में लगाएगए बेरिकेटिंग को तोड़कर घेराव करने पहुंचे हुए थे।
जानकारी अनुसार, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने लोकसभा को लेकर आम सभा में उद्बोधन देते हुए कहा था कि नरेंद्र मोदी को कोई अगर लाठी मार सकता है तो वह भूपेश बघेल हैं। इस बयान को लेकर भाजपा नेताओं में काफी आक्रोश है, जिसे लेकर जिले में कैंपेन चलाया जा रहा है। 'मैं हूं मोदी पहले लाठी मुझे मार' के माध्यम से प्रदर्शन किया जा रहा है।
गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के सारागांव में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने आमसभा के माध्यम से जमकर नारेबाजी की। गलियों में मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष निवास का घेराव किया। इस दौरान गलियों में पुलिस के द्वारा बैरिकेडिंग भी किया गया था, जिसे तोड़ते हुए निवास के पास पहुंचकर जमकर नारेबाजी की गई। पुलिस के द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को हटाने के दौरान जमकर झूमा-झपटी भी हुई।