पीसीसी चीफ दीपक बैज, पीएम मोदी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ में श्रीराम और बजरंग बली के नाम पर जमकर राजनीति हो रही है। सीएम भूपेश बघेल के बाद अब पीसीसी चीफ दीपक बैज का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास केवल मोदी है, जबकि कांग्रेस के पास भगवान राम और हनुमान जी दोनों है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक की तरह ही छत्तीसगढ़ में भी हनुमान जी नैया पार करेंगे। कांग्रेस दोबारा सत्ता में आएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होने से पहले दीपक बैज ने कांग्रेस भवन स्थित हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो किसी भी आयोजन में जाते है ,तो अगर वहां मंदिर हो या देवगुढ़ी सबसे पहले वहां पूजा करता है। इससे पॉजिटिविटी ऊर्जा मिलती है। कांग्रेस कार्यकारिणी को लेकर बैज ने कहा कि जल्द ही हमारी कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। नई कार्यकारिणी में युवाओं प्राथमिकता मिलेगी। इसमें यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। टिकट को लेकर कहा कि सभी लोग टिकट के लिए दावेदारी करती है लेकिन पार्टी जीतने वालों को प्राथमिकता देगी। छत्तीसगढ़ पीएम नरेंद्र मोदी के दोबारा दौरे को लेकर कहा कि पीएम मोदी को पहले मणिपुर जाना चाहिए। हरियाणा भी जल रहा है, वहां भी जाना चाहिए। छत्तीसगढ़ शांतिप्रिय राज्य है, यहां उन्हें सत्ता चाहिए, इसलिए वोट मांगने आ रहे हैं। उन्हें चुनाव की चिंता है।
बीजेपी ने किया पलटवार
दूसरी ओर बैज के बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी मीडिया विभाग के प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा कि भगवान राम हमेशा अपने भक्तों के साथ हैं यानी बीजेपी के साथ हैं। जिन्होंने भगवान राम को काल्पनिक पात्र कहा और राम सेतु के अस्तित्व पर सवाल उठाया। मंदिर कब बनाओगे, ये कहकर रामभक्तों का मजाक उड़ाया। राम मंदिर का फैसला आने में देरी हो इसके लिए प्रयास किया गया। ऐसी कालनेमी रूपी कांग्रेस के साथ भगवान श्रीराम भी नहीं और जनता भी नहीं है। कांग्रेस चुनावी लाभ लेने के लिए भगवान राम का नाम मजबूरी में लेती है। उसे पता है राम का नाम नहीं लेने वालों को देश की जनता खदेड़ देती है।