राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शनिवार को छ्त्तीसगढ़ और तेलंगाना राज्य के आठ जगहों पर छापा मारा। यहां से कई अहम दस्तावेज और उपकरण भी जब्त किए हैं। हालांकि, इस बात की पुष्टि स्थानीय पुलिस ने नहीं की है।
विज्ञापन
जून-जुलाई 2023 के एक मामले को लेकर तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में विस्फोटक सामग्री, ड्रोन और प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से जुड़ी एक लेथ मशीन की बरामदगी के सिलसिले में शनिवार को एनआईए ने छापेमारी की है।
चेरला ड्रोन मामले में अपनी जारी जांच के तहत, एनआईए ने आज दो राज्यों तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में आठ स्थानों पर छापेमारी की है। तेलंगाना के वारंगल में पांच स्थानों और भद्राद्री कोठागुदम में दो स्थानों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के बीजापुर में एक स्थान पर आरोपियों के परिसरों की तलाशी में कई डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए है।
विज्ञापन
वहीं बीजापुर जिले के पामेड़ और तेलंगाना के गुंजूपल्ली व चेरला में टीम ने छापा मारा है। सूत्रों के मुताबिक, टीम के बाहर आने से इस पूरे मामले का खुलासा होगा। हालांकि, इस खबर की पुष्टि बीजापुर पुलिस ने नहीं की है। इस बारे में बीजापुर के एडिशनल एसपी चंद्रकांत गोवर्ना से पूछने पर उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।