बालोद जिला मुख्यालय के महादेव भवन में आज युवाओं को रोजगार देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गरबा भविष्य मेगा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। जहां पर पूरे जिले भर से युवा शामिल हुए। हजारों की संख्या में यहां युवा पहुंचे हुए थे जहां पर लगभग 588 बेरोजगार युवाओं ने पंजीयन कराया और 225 युवाओं को तत्काल नौकरी दी गई। उन्हें नियुक्ति पत्र दिया गया वहीं एक दिन पूर्व ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए गए प्लेसमेंट कैंप में 158 पंजीयन हुए थे जहां 79 युवकों को तत्काल नौकरी दी गई।
मनपसंद ट्रेड में नौकरी
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि शासन की इस योजना के तहत युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। पूरे जिले भर से युवाओं को मनपसंद रोजगार मिल पा रहा है। बड़ी-बड़ी कंपनियां यहां शामिल हो रही हैं और हॉस्पिटल में सभी प्रकार को वैकेंसी से लेकर कॉर्पोरेट सेक्टर एवं फाइनेंस सेक्टर सभी जगह युवाओं को सभी ट्रेड में रोजगार मिल रहा है।
आपको बता दें कि इस अभियान में लाइवलीहुड कालेज से लेकर जिला पंचायत भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है समय समय पर बेरोजगार युवक युवतियों को लाइवलीहुड के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाता है जिसके परिणाम स्वरूप ज्यादा से ज्यादा प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार एवं स्वरोजगार अपना रहे हैं।
तत्काल नियुक्ति पत्र
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित गढबों भविष्य कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण विषय यह है कि दूर दराज से आए लोगों को तत्काल नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया जाता है जिसके बाद से अगले दिन से ही उन्हें प्रशिक्षण दिया जाता है। बेरोजगार कैंप में शामिल होने आए एक युवक युवराज साहू ने बताया कि उन्होंने पंजीयन फॉर्म भरा सारे दस्तावेज जमा किए कंपनी ने उनका इंटरव्यू लिया और कल से ही उन्हें नौकरी ज्वॉइन करने के लिए कह दिया गया और तत्काल मौके पर ही नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया गया है।