छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से पांच महिलाओं की मौत हो गई। हादसे में छह अन्य घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के घाटकछार गांव में हादसा हुआ। मृतकों की पहचान जानकी, लक्ष्मी यादव, बसंती, जमोवती और नोहरमति के रूप में हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक, महिलाएं शुक्रवार दोपहर खेत में काम कर रही थीं। तभी अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आकर पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान छह अन्य गंभीर रूप से घायल हुईं। घायलों को सरायपाली गांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले राज्य के जशपुर जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे दो लोगों (पिता-पुत्र) की मौत हो गई थी।