वायरल वीडियो से की गई आरोपियों की पहचान
भिलाई-3 क्षेत्र की चरोदा बस्ती में बुधवार सुबह तीन साधुओं से मारपीट की गई थी। एक दिन बाद गुरुवार को इसका वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा मच गया। इसके बाद पुलिस भी एक्शन में आई और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद स्थानीय निवासी सत्या चक्रधारी, BJP पार्षद के ड्राइवर योगेश उर्फ छोटू, मूलचंद निषाद, भूपेंद्र वर्मा उर्फ कान्हा और सितेंद्र महतो गिरफ्तार किया गया। इनके साथ ही BJP पार्षद संजय यादव के भाई तीरथ यादव सहित अन्य की पहचान की गई है।
यह भी पढ़ें...
Chhattisgarh: दुर्ग में बच्चा चोरी के शक में तीन साधुओं की पिटाई, रास्ता भटक कर पहुंचे थे बस्ती में
प्रसाद दिया तो शराब के लिए मांगे रुपए
राजस्थान के अलवर निवासी साधु राजबीर सिंह, अमन सिंह और श्याम सिंह तीनों रेलवे क्षेत्र चरोदा में किराये का मकान लेकर रहते हैं। वे भीख मांगकर जीवन यापन करते हैं। तीनों साधु बुधवार सुबह करीब 11 बजे गांव में ही घूम रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे को प्रसाद खाने के लिए दिया। बताया जा रहा कि तभी आरोपी पहुंचे और साधुओं से शराब के लिए रुपए मांगे। उन्होंने देने से इनकार किया तो बच्चा चोर होने की अफवाह फैलाकर उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें... साधुओं की पिटाई पर सियासी उबाल: BJP ने कहा-छत्तीसगढ़ में अपराधी खून से खेल रहे;गृहमंत्री बोले-कार्रवाई होगी
अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही
दुर्ग SP डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि तीनों साधुओं की स्थिति ठीक है। उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके बाद सभी को उनके घर अलवर रवाना कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से अभी तक 40 से ज्यादा लोगों की पहचान की गई है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं। लगातार टीमें गांव के अंदर हैं। साधुओं से मारपीट के दौरान वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। ये वहीं खड़े हुए थे। इन सभी से माफीनामा लिखवाया गया है।