छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हुए सड़क हादसे में कांग्रेस विधायक के बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने मुताबिक, जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तानाखार गांव के करीब देर रात कार और बस के बीच हुई टक्कर में कार सवार मरवाही क्षेत्र के कांग्रेस विधायक के पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल में कार्यरत थे, घटना के बाद से बस चालक फरार हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य विद्युत मंडल के बांगो विद्युत विभाग में कार्यरत सहायक अभियंता और मरवाही विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक कृष्ण कुमार ध्रुव बेटे प्रवीण कुमार ध्रुव (32 वर्ष) अपने सहयोगी अधिकारी कुशल कुमार कंवर (32 वर्ष) तथा कर्मचारी शंकर सिंह पोर्ते (28 वर्ष) के साथ बिंझरा गांव गए थे।
उन्होंने बताया कि वापसी में जब वह तानाखार गांव के करीब पहुंचे तब उनकी कार विपरीत दिशा से आ रही बस से टकरा गई और इस घटना में कार सवार तीनों की मौके पर मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।