हल्लोमाजरा से एयरपोर्ट रोड पर सीआरपीएफ गेट के पास बीते रविवार की रात पीसीआर की गाड़ी शुगर-6 नंबर सीएच01जीए-6313 से टकराकर जान गंवाने वाले रामदरबार फेज-2 निवासी अशोक के परिवार सहित अन्य दर्जनों लोगों ने सोमवार को सेक्टर-31 थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की।
उन्होंने पीसीआर के आरोपी चालक होमगार्ड वॉलंटियर और इंचार्ज, हेड कांस्टेबल के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। लोगों ने थाने के मुख्य गेट के बाहर धरना लगाकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
अशोक के पिता ने आरोप लगाया कि बताया कि नका इकलौता बेटा पुलिस की लापरवाही से उन्हें छोड़ गया। पुलिस ने अपने पुलिसकर्मियों के बचाव के लिए उनके बेटे व उसके दोस्त को ही कसूरवार ठहरा कर उनपर केस दर्ज कर दिया। काफी देर तक पुलिस थाने के बाहर पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट गुस्साए परिवार व अन्य लोगों का रोष प्रदर्शन जारी रहा।
सेक्टर-31 थाने की एसएचओ इंस्पेक्टर गुरजीत कौर और डीएसपी साउथ हरजीत कौर ने मौके पर पहुंच परिवार को भरोसा दिया कि मामले की जांच में यदि पीसीआर कर्मियों का कसूर पाया गया तो उनपर केस भी दर्ज किया जाएगा। हादसे में अशोक के घायल दोस्त कपिल से पूछताछ की जाएगी। यदि पीसीआर कर्मियों का दोष पाया गया तो उनपर केस दर्ज किया जाएगा।
यह था मामला
बीते रविवार की रात करीब पौने दस बजे बाइक सवार अशोक और दोस्त कपिल की एयरपोर्ट रोड पर उक्त पीसीआर गाड़ी से टक्कर हो गई। अशोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कपिल फिलहाल उपचाराधीन है। बकौल पुलिस मौके पर हेलमेट भी मिले लेकिन बाइक सवारों ने हेलमेट सिर पर पहने नहीं थी। पुलिस को मौके पर खून भी गिरा मिला था। दुखी परिवार व अन्य लोग हादसे के बाद से पीसीआर कर्मियों पर बाइक सवार अशोक व कपिल को टक्कर मारने के आरोप लगा रहे हैं।