मोटर स्पोर्ट्स में देश के सबसे मुश्किल इवेंट आरएफसी इंडिया-2108 के प्रथम चरण में सोमवार को सिटी ब्यूटीफुल की टीम लीड लेने में कामयाब हुई। कंपीटीशन का आयोजन गोवा में किया जा रहा है। इसमें देश भर से टॉप लेवल की मोटर स्पोर्ट्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कंपीटीशन में सुपर स्पेशल स्टेजों को रखा गया है जिस वजह से आरएफसी इंडिया मोटर स्पोर्ट्स के सबसे टफ कंपीटिशन में से एक है। प्रतिभागी हर साल इस रैली का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
पहले दिन चंडीगढ़ के सनबीर सिंह और उनके को-ड्राइवर गुरप्रताप सिंह कुल 387 अंक लेकर टॉप पोजीशन पर काबिज रहे। चेन्नई के जगत नजप्पा और उनके को-ड्राइवर चेतन 332 अंक लेकर दूसरे स्थान पर हैं। वहीं अरुणाचल प्रदेश के उज्ज्वल और उनके को-ड्राइवर इंगपेंग मिन 300 अंक लेकर तीसरे स्थान पर पहुंचे। इसके साथ ही चंडीगढ़ की एक अन्य जोड़ी गुरप्रीत और उनके को-ड्राइवर कृपाल सिंह तुंग कुल 281 अंक लेकर टॉप पांच में शामिल हैं।
क्या हैं सुपर स्पेशल स्टेज
यह प्रतियोगिता रेन फोरेस्ट में कराई जाती है। इसमें कई मुश्किल स्टेजों को रखा गया है, जिसको पार करते हुए प्रतिभागियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इनमें रेन वाटर के अंदर गाड़ी चलाना, रेतीले टीलों पर ऊपर-नीचे से होते हुए निकालना और खाई के ऊपर गाड़ियों को चढ़ाना शामिल है। ऐसा करते हुए कई बार इन प्रतिभागियों की गाड़ियां भी पलट जाती हैं। इन्हें इनके ड्राइवरों को खुद ही इन कठिनाइयों से पार पाते हुए दोबारा से सवार होकर निकलना पड़ता है। रुकने पर इनके प्वाइंट भी कम हो जाते हैं। वहीं टाइम से हर स्टेज पूरी करने पर उन्हें प्वाइंट मिलते हैं।