अंतिम दिन रोबोटिक्स, क्विज और कॉमेडी प्रतियोगिताओं में दिखा विद्यार्थियों का हुनर
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में रविवार को तीन दिवसीय पेकफेस्ट 2026 का समापन हो गया। अंतिम दिन सुबह से ही कैंपस में प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों की रौनक रही। शाम होते-होते मेन स्टेज पर युवाओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया, जब गायक दर्शन रावल ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके गानों पर विद्यार्थी झूमते नजर आए।
दिन की शुरुआत रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं से हुई। रोबोसॉकर और रोबो सूमो में प्रतिभागियों ने तकनीकी कौशल दिखाया। वहीं ब्रिज वॉर्स, द हाइस्ट, डाइस मेज रनर और सस्टेनेबिलिटी केस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा आजमाई। ऑडिटोरियम में स्टैंडअप कॉमेडी और रंग पंजाब दे ने खूब मनोरंजन किया। दूसरी ओर क्विज, रैप बैटल, मूवी मेकिंग और स्केच शराड्स में भी युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैंपस में ग्रैफिटी वॉल, फेस पेंटिंग, पैलेट पार्टी और रॉक पेंटिंग जैसे आयोजनों ने रचनात्मकता के रंग बिखेरे। तीन दिनों तक चले इस उत्सव का अंतिम आकर्षण दर्शन रावल की स्टार नाइट रही। उनकी प्रस्तुति के साथ पेकफेस्ट 2026 को यादगार विदाई मिली।