हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा ने चंडीगढ़ हवाई अड्डे के शिलान्यास बोर्ड पर अपने पिता का नाम लिखवाने के चक्कर में करीब 250 करोड़ रुपये दे दिए। हवाई अड्डे में हरियाणा की एक फीसदी भी आर्थिक हिस्सेदारी नहीं है।
यह कहना है इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला का। उन्होंने कालका हलका से 3100 बूथ कमेटी सदस्य चुने जाने के लिए विधायक प्रदीप चौधरी और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री को विकास करने की तो आदत नहीं रही। शनिवार को इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कालका विधानसभा क्षेत्र के बूथ इकाई सदस्य प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचे थे।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हालांकि मुख्यमंत्री ने प्रदेश को पोस्टरों को चिपकाने के मामले में तो नंबर वन बना दिया है। वास्तविकता यह है कि फिलहाल प्रदेश के युवा रोजगार को तरस रहे हैं।
गृहणियां व आम आदमी महंगाई के मकड़ जाल में फंस चुका है और सभी को भविष्य की चिंता सताने लगी हैं।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार गंभीर नहीं हैं गांवों में विकास की उम्मीदें आस तोड़ती जा रही है, बावजूद इसके हुड्डा किस आधार पर हरियाणा को नंबर वन कह रहे हैं। चौटाला ने कहा कि इनेलो एकमात्र ऐसा दल है, जिसके बूथ इकाई सदस्य ऑनलाइन हो चुके हैं।
सदस्यों को पहचान पत्र बांटने का कार्य भी प्रदेश में चल रहा है और इसके तहत 29 हलकों में कार्य पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इनेलो के पास करीब दो लाख 70 हजार से ज्यादा बूथ इकाई सदस्य हैं, जिनके दम पर इनेलो प्रदेश में अगली सरकार बनाएगी।
अभय चौटाला ने कहा कि जीत उन लोगों की होती है, जो लगातार जनता के बीच संपर्क बनाए रखते है, जनता के बीच जाकर उनकी जरूरतों और हकों की लड़ाई लड़ते हैं, कांग्रेस और उसके नेताओं में यह नजर नहीं आती।
अभय चौटाला ने विधानसभा क्षेत्र बूथ कमेटी प्रशिक्षण शिविर 2013-2014 के लिए गठित कमेटी के सदस्यों को उनका कार्य समझाया साथ ही उन्हें जरूरी हिदायतें भी दी।
कार्यक्रम के दौरान अभय चौटाला ने चुनाव के समय बूथ वर्कर का दायित्व भी बताया, ताकि सदस्य घर-घर जाकर अपने प्रत्याशी की जीत के लिए हर संभव प्रयास कर सकें।
इनेलो के किसान सेल के जिला प्रधान मान सिंह चरनियां को बूथ कमेटी सदस्य को पहचान पत्र वितरित करते हुए इस कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके बाद कालका विधानसभा क्षेत्र के बूथ कमेटी सदस्यों को कार्ड भी दिए गए।
बैठक में इनेलो के कालका विधायक प्रदीप चौधरी ने चुनाव के समय बूथ वर्कर का दायित्व भी बताया, ताकि सदस्य घर-घर जाकर अपने प्रत्याशी की जीत के लिए हर संभव प्रयास करें।
कालका विधायक ने बूथ कमेटी के गठन के लिए सभी कार्यकर्ताओं की बधाई दी और कहा कि जिन्हें पहचान पत्र नहीं मिल सके हैं, उन्हें जल्द से कार्ड दिए जाएंगे। जिनके कार्ड फीड नहीं हुए, वो पंचकूला कार्यालय में जमा करवा दें।
बैठक में इनेलो के वरिष्ठ नेता अशोक शेरवाल, जिला ग्रामीण प्रधान दीनानाथ शर्मा, जिला शहरी प्रधान मनोज अग्रवाल, महिला विंग जिला प्रधान सीमा चौधरी, प्रदेश कार्यालय सचिव नछत्तर मल्हान, कालका शहरी प्रधान सुशील गर्ग, कालका हलका प्रधान हरदीप मैहता, रामप्रताप भौंरिया, मान सिंह चरनियां, प्रवीन आत्रेय, महेन्द्र लाकड़ा, निर्मला प्रजापति, अंजू दहिया, जिला परिषद् उपचेयरमैन रमेश मांधना सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे।