पंजाब यूनिवर्सिटी में पांच दिवसीय गुलदाउदी प्रदर्शनी का शुभारंभ वीसी प्रो. राजकुमार ने किया। इस दौरान फूलों की महक से पीयू का कैंपस बाग-बाग हो गया जो भी पहुंचा उसने इस प्रदर्शनी की प्रशंसा की।
वीसी ने कहा कि पीयू फूलों का ज्ञान इस प्रदर्शनी के जरिये बांटता है, यह अपने में अनोखा प्रोग्राम है। रोज गार्डन में हुए कार्यक्रम में वीसी प्रो. राज कुमार ने बागवानी विभाग की सराहना की और इस काम में लगे कर्मियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय ने न केवल शिक्षाविदों और खेलों में उच्च मानकों को निर्धारित किया है बल्कि इसमें पर्यावरण संरक्षण का भी उतना ही महत्व है। इस दौरान विजय बहादुर, दयाराम, आलोक कुमार को प्रदर्शनी में बेहतर योगदान पर सम्मानित किया गया। डीयूआई प्रो. शंकरजी झा, रजिस्ट्रार प्रो. करमजीत सिंह ने भी विचार रखे।
हॉर्टिकल्चर विभाग के डिविजनल इंजीनियर अनिल ठाकुर ने बताया कि गुलदाउदी प्रदर्शनी का यह 12वां संस्करण आयोजित किया गया है। 150 किस्मों के फूल यहां सुशोभित हैं। 4200 गमलों में फूल लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सोनाली, सपना, मुश्ताक, परवीन, महात्मा, डोरिस, फ्रेशमैन आदि नई किस्में इस बार कोलकाता से मंगवाई गई हैं।
हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. गुरमीत सिंह, डॉ. तीर्थंकर भट्टाचार्य, प्रो. रवनीत कौर, डीपीआर रेनुका बी सलवान, हनी ठाकुर ने भी प्रदर्शनी का दौरा किया। इस मौके पर पूर्व वीसी प्रो. आरसी सोबती, डीन रिसर्च प्रो. आरके सिंगला, परीक्षा नियंत्रक प्रो. परविंदर सिंह, डॉ. नवदीप गोयल, डॉ. एमसी सिद्दू, प्रो. एएस अहलूवालिया आदि रहे।