चंडीगढ़। ऑपरेशन सेल की टीम ने शुक्रवार रात मलोया बस स्टैंड के पास एक युवक को नकली भारतीय करेंसी के साथ दबोचा। आरोपी की पहचान डड्डूमाजरा कालोनी के मकान नंबर-1791 निवासी प्रशांत गौतम उर्फ काका (20) के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से 100-100 के 22 नकली नोट बरामद हुए हैं। मलोया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 498-बी, 498-सी के तहत केस दर्ज कर शनिवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। जहां से आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर रंजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग साढ़े सात बजे पुलिस को सूचना मिली कि मलोया क्षेत्र में एक युवक नकली भारतीय नोट लेकर घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मलोया बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी प्रशांत गौतम उर्फ काका को 100-100 के 6 नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से 16 और 100-100 के नकली नोट बरामद किए। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ज्यादातर इन नोटों को रात के समय मार्केट में चलाता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि यूपी के जिला मुज्जफरनगर के रहने वाले एक शख्स से वह नकली रुपये आधे रेट में लेता है। आरोपी ने बताया कि अब तक वह 18 हजार (100-100 के नोट) के नोट 9 हजार रुपयों में ला चुका है। इनमें से काफी नोट वह बाजार में चला भी चुका है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से मुज्जफरनगर के उस शख्स के बारे में पूछताछ कर रही है, जिससे आरोपी नकली नोट लाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर जल्द ही मुख्य आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।