जेएलएन नहर में एक और जिंदगी डूब गई। इस बार हादसा दिल्ली के युवकों के साथ हुआ। दिल्ली से कार में सवार होकर रोहतक आए चार दोस्तों में से दो युवक आईजी ऑफिस के पास नहर में नहाने उतरे। तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे।
लावारिस पीड़ित पशु सेवा संघ में मौजूद लोगों ने एक को बचा लिया, लेकिन दूसरा बह निकला। दोस्त के डूबने से घबराए तीनों युवक पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गए। डूबे युवक का देरशाम तक कोई सुराग नहीं लगा। लापता युवक दिल्ली पश्चिम विहार वासीकिंसू पुत्र प्रेमचंद कीर्तिनगर स्थित एक कॉल सेंटर में काम करता है।
पुलिस और परिजनों का कहना है कि उसके साथ अन्य तीन साथी उमंग, संदीप और शुभम थे। बताया जा रहा है कि उमंग किंसू के साथ ही काम करता है। रोहतक पहुंचे परिजनों का कहना है कि किंसू घर से ड्यूटी पर जाने की बात कह कर निकला था, लेकिन उसके साथियों ने बताया कि वह नहर में डूब गया है। युवक रोहतक से वापस दिल्ली जा रहे थे और नहाने के लिए नहर पर रुके थे।
घटना सोमवार सुबह सात बजे की है। आबकारी एवं कराधान विभाग में इंस्पेक्टर गोपाल मलिक ने बताया कि मैं सुबह पशु सेवा संघ में आया था। शोर सुन नहर के पास पहुंचे तो देखा कि दो युवक डूब रहे हैं। एक युवक का तो सिर्फ सिर ही दिखाई दे रहा था और देखते ही देखते वह नहर के पुल के पास डूब गया। वहीं, दूसरे युवक ने किनारे पर लगी झाड़ी को पकड़ा हुआ था।
मलिक ने पशु सेवा संघ के लोगों से रस्सा लेकर इस डूबते हुए युवक को कुछ देर की जद्दोजहद के बाद बाहर निकाला। युवक काफी घबराया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वे बाहर निकाले युवक से उसके लापता साथी की जानकारी जुटा पाते, इससे पहले ही वह घटनास्थल पर खड़ी अपनी स्विफ्ट कार लेकर लापता हो गया। हालांकि उसके दो अन्य साथी पहले ही लापता हो चुके थे। पुलिस राइडर पहुंचने तक तीनों ही मौके से फरार हो गए थे।
एसआई सुभाष, अर्बन एस्टेट थाना, रोहतक ने बताया कि नहर में डूबे युवक और उसके साथ रोहतक आए अन्य तीन साथियों की जानकारी मिल गई है। युवक की तलाश के लिए सिंचाई विभाग के हेड से पानी सप्लाई रोकने को कहा है। मंगलवार को गोताखोरों की मदद से लापता युवक की तलाश कराई जाएगी।