पंजाब के पटियाला में संगरूर रोड पर शुक्रवार दोपहर बाद भाखड़ा नहर में एक ही नर्सिंग कॉलेज में एक ही कक्षा में पढ़ने वाले युवक-युवती ने छलांग लगा दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवती का शव बरामद कर लिया है, जबकि युवक की तलाशी जारी है।
थाना पसियाना प्रभारी करणबीर सिंह संधू के मुताबिक मृतकों के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। मृतक युवती की पहचान 24 वर्षीय सरबजीत कौर निवासी टोहाना (हरियाणा) के तौर पर हुई है। वहीं, युवक दिवनूर सिंह (24) तोपखाना मोड़ पटियाला का निवासी है।
डाइवर्स क्लब के प्रधान शंकर भारद्वाज ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे बजे सूचना मिली कि पटियाला-संगरूर रोड पर भाखड़ा नहर में एक युवती ने छलांग लगा दी है। इसके बाद एक युवक भी नहर में कूद गया। तुरंत गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नहर में तलाश शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर को दोनों नहर के किनारे पहुंचे और बातचीत के दौरान युवती नहर में कूद गई। बाद में युवक ने भी छलांग लगा दी।