सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने गुरुवार की रात पंजाब पुलिस के साथ अटारी सीमा के करीब एक गांव में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एक खेत से पाकिस्तानी ड्रोन मिला। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी एक टुकड़ी पंजाब पुलिस के साथ मिलकर गांव धनोए कलां के बाहर गश्त कर रही थी। इस दौरान दोनों बलों के जवानों ने इलाके में रूटीन सर्च अभियान शुरू कर दिया। रात करीब 8:45 बजे जवानों ने गांव के बाहर एक खेत में पाकिस्तान से आया ड्रोन बरामद किया। चीन में निर्मित मॉडल-डीजेआई माविक 3 क्लासिक ड्रोन की जांच करने के बाद बीएसएफ अधिकारियों ने इसे पंजाब पुलिस को सौंप दिया।
तरनतारन के गांव डल से ड्रोन बरामद
उधर, तरनतारन के गांव डल में भी एक ड्रोन मिला है। प्रारंभिक जांच के बाद ड्रोन स्थानीय पुलिस को सौंप गया है। तरनतारन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह जानकारी बीएसएफ के प्रवक्ता ने दी है। बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक बीएसएफ की एक टुकड़ी गुरुवार शाम पंजाब पुलिस के साथ तरनतारन के सीमांत गांव डल में संयुक्त गश्त कर रही थी। इस बीच गांव के बाहरी क्षेत्र में स्थित एक खेत में ड्रोन गिरे होने की सूचना मिली। जवानों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। देर शाम करीब 7:45 बजे जवानों को एक खेत में क्वाडकॉप्टर (मॉडल डीजेआई माविक3 क्लासिक) ड्रोन मिला।