वर्ल्ड कप के लिए संभावित 30 खिलाड़ियों में जगह नहीं मिलने के बाद ऑलराउंडर युवराज सिंह अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को लगातार करारा जवाब दे रहे हैं। बेटे के फॉर्म में लौटने के बाद पिता योगराज सिंह ने भी खुशी जताई है।
युवराज द्वारा लगातार तीन शतक जड़ने पर योगराज सिंह ने कहा कि ‘जनाब आगे देखिए, नए साल में युवी का बल्ला कैसे बोलता है’। अभी उसमें रनों की भूख कम नहीं हुई है। आने वाले पांच साल युवी के नाम रहने वाले हैं।
दरअसल, युवी ने इस रणजी सीजन में लगातार तीन शतक लगाकर चयनकर्ताओं को जता दिया कि उनमें अब भी क्रिकेट का जुनून बाकी है।
राजकोट में सौराष्ट्र के खिलाफ युवराज सिंह ने 182 रनों की पारी खेलकर पंजाब को बेहतर स्थिति में पहुंचाया। इस पारी में उन्होंने 23 चौके और दो छक्के जड़े। वह इससे पहले भी दो शतक लगा चुके हैं। इस सीजन में वह अब तक 567 रन बना चुके हैं।
मुख्य कोच ने कहा, अब भी देर नहीं हुई
युवराज सिंह ने क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर-16 में क्रिकेट की एबीसीडी सीखी। मुख्य कोच हरीश शर्मा ने बताया कि पिछले दो वर्ल्ड कप में युवी के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं को आगामी वर्ल्ड कप की संभावित खिलाड़ियों में युवराज सिंह को शामिल करना चाहिए था। युवी इस रणजी सीजन में तीन शतक लगा चुके हैं। अब भी देर नहीं हुई है। चयनकर्ता रणजी में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर नजर रखें।