फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारी सशक्तीकरण: हरियाणा में महिलाएं भी दमकल कर्मी के पद पर हो सकेंगी भर्ती, 33 फीसदी आरक्षण

Thu, 17 Feb 2022 03:16 AM IST
भूपेंद्र सिंह यशपाल शर्मा, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

सरकार ने नए सेवा नियम लागू किए हैं। अग्निशमन विभाग में खाली पदों पर होने वाली भर्तियों में इसका लाभ मिलेगा। दकमल कर्मी बनने के लिए कद 152 सेंटीमीटर व वजन साढ़े 47 किलोग्राम जरूरी होगा।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा सरकार ने नारी सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। भविष्य में अग्निशमन विभाग में महिलाएं भी दमकल कर्मी के पद भर्ती हो सकेंगी। सरकार ने इन्हें भर्तियों में 33 फीसदी आरक्षण दे दिया है। अभी विभाग में महिला दमकल कर्मी भर्ती नहीं की जाती थीं। दमकल कर्मी बनने के लिए महिला का कद 152 सेंटीमीटर और वजन साढ़े 47 किलोग्राम होना जरूरी है।

विज्ञापन


प्रदेश में हरियाणा फायर, ग्रुप-ए सेवाएं संशोधित नियम-2022 इसी दस फरवरी से लागू हो गए हैं। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। नए सेवा नियमों के अनुसार ही अब दकमल विभाग में भर्तियां होंगी। महिलाएं अन्य मापदंड पूरा करने के साथ तभी दमकल कर्मी बन पाएंगी जब उनकी आंखों की दृष्टि बिना चश्मे के 6/6 होनी चाहिए।

इसके अलावा 45 साल की आयु पूरी करने पर वे तभी सेवाओं में रहेंगी, जब उनकी आंखों की दृष्टि चश्मे के साथ और बिना 6/6 होगी। अग्निशमन विभाग में सैकड़ों पद खाली पड़े हुए हैं। भविष्य में इन पदों पर भर्ती कर सरकार महिलाओं को अग्निशमन सेवा के क्षेत्र में अपना दमखम दिखाने का मौका दे सकती है। 
विज्ञापन


मनोहर लाल सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 309 और अनुच्छेद 49 के सब-सेक्शन 1, सब-सेक्शन 1 के क्लॉज ए में प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए हरियाणा फायर सर्विस एक्ट, 2009-12 ऑफ 2009 के तहत बने हरियाणा फायर ग्रुप-ए सर्विस नियम-2016 में संशोधन किए हैं। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के संशोधित नियमों को मंजूरी देने के बाद नए सेवा नियमों को प्रदेश में लागू किया गया है। महाराष्ट्र व चंडीगढ़ में महिलाओं को दमकल कर्मी के पद पर भर्ती करने का पहले से प्रावधान है।

पुरुष कर्मियों के लिए ये हैं मापदंड
कद 170 सेंटीमीटर, वजन 54 किलोमीटर, सीना बिना फुलाए 32 इंच और कपड़ों के बिना फुलाए हुए 34 इंच होना जरूरी है। भर्ती के समय आंखों की दृष्टि बिना चश्मे के 6/6 होनी चाहिए। इसके अलावा 45 साल की आयु पूरी करने पर वे तभी सेवाओं में रहेंगे, जब उनकी आंखों की दृष्टि चश्मे के साथ और बिना 6/6 होगी।

विभाग में दमकल कर्मियों की वर्तमान स्थिति
अग्निशमन विभाग में अभी 530 पक्के, 1366 डीसी रेट, 204 ठेका दमकल कर्मचारी हैं। विभाग में कुल स्वीकृत पद 2268 हैं। सरकार जल्द स्वीकृत पदों पर पक्की भर्ती कर सकती है। अग्निशमन सेवाएं एवं नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र सिनद ने कहा कि महिलाओं को आरक्षण देना स्वागत योग्य है। उनकी सरकार से मांग है कि पहले 1366 कर्मियों को नियमित किया जाए, उसके बाद पक्की भर्ती हो। कार्यरत कर्मियों की जायज मांगों को विभाग जल्द पूरा करे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें