पंजाब के लुधियाना में डिप्टी कमिश्नर दफ्तर के बाहर मंगलवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब एटीएम केबिन के अंदर सफाई कर रही महिला फंस गई। सफाई करते समय शटर नीचे गिर गया और महिला फंस गई। महिला ने शटर काफी खटखटाया लेकिन किसी को कुछ पता नहीं चला।
एक से डेढ़ घंटे बाद जब महिला ने जोर जोर से शटर खटखटाया तब जाकर लोगों को पता चला। इसके बाद लोगों ने उसे आवाज दी तो पता चला कि अंदर महिला फंस गई है। शटर को काफी खोलने की कोशिश की गई लेकिन कोई भी खोल नहीं पाया। इसके बाद एसबीआई बैंक के अधिकारियों को बुलाया गया और उनके सामने कारीगर की मदद से शटर खोलने की कोशिश की लेकिन वह भी कामयाब नहीं हुआ तो अंत में शटर काटकर महिला को बाहर निकाला। महिला काफी घबराई हुई थी। इसके बाद लोगों ने उसे पानी पिलाया और शांत किया।
सफाई कर्मचारी महिला रोजाना की तरह मंगलवार को भी सफाई कर रही थी। इसी दौरान शटर अपने आप गिर गया। महिला केबिन में करीब दो घंटे फंसी रही। उसने अंदर से काफी आवाज लगाई लेकिन बाहर किसी को कुछ पता नहीं चला। जब लोगों को पता चला तो उन्होंने शोर मचाया। लोगों ने एसबीआई बैंक के अधिकारियों को इस घटना की सूचना दी।
महिला से लोग बाहर से बातचीत करते रहे ताकि वह न घबराए। बैंक कर्मचारियों ने शटर खोलने की काफी कोशिश की लेकिन शटर फंस चुका था। इस दौरान शटर खोलने वाले कारीगर को बुलाया गया लेकिन आखिर में शटर काटना पड़ा। शटर तोड़कर सफाई सेविका महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।