फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ : दक्षिण अफ्रीका से लौटी महिला क्वारंटीन के नियमों को तोड़ पहुंची होटल, एफआईआर

Sat, 04 Dec 2021 02:35 AM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर शुक्रवार को महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल, उसे उसी होटल में पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
विज्ञापन
चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एक दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका से लौटी महिला को क्वारंटीन पीरियड में घर से होटल जाना महंगा पड़ा। स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर शुक्रवार को महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल, उसे उसी होटल में पुलिस की निगरानी में रखा गया है। क्वारंटीन पीरियड पूरा होने के बाद निगेटिव रिपोर्ट आने पर उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्वास्थ्य सचिव ने डीसी को भी महिला के खिलाफ आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा है।

विज्ञापन


सेक्टर-48 के यूनिवर्सल एनक्लेव निवासी मनमीत कौर एक दिसंबर को चंडीगढ़ लौटी थी। एयरपोर्ट पर आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे घर पर ही 8 दिसंबर तक क्वारंटीन किया गया था। जहां से वह वीरवार की शाम 4.52 बजे होटल हयात पहुंची। वहां उसने अपने लिए एक कमरा बुक कराया। इसके बाद वह आठ घंटे के लिए बाहर रही। रात एक बजे के बाद फिर होटल में प्रवेश किया। महिला के क्वारंटीन प्रोटोकॉल तोड़ने की जानकारी होने पर स्वास्थ्य निदेशक ने स्वास्थ्य सचिव को सूचना दी। इसे गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है।

होटल के सभी कर्मचारियों की आरटीपीसीआर के निर्देश

दक्षिण अफ्रीका से लौटी महिला होम क्वारंटीन पीरियड के दौरान जिस होटल में गई थी, वहां के सभी कर्मचारियों की आरटीपीसीआर जांच होगी। स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुमन सिंह को शत-प्रतिशत कर्मचारियों की जांच सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को होटल के 11 कर्मचारियों की आरटीपीसीआर जांच करवाई गई। इनमें से किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उससे जुड़े या संपर्क में आए लोगों की कोरोना जांच होगी। महिला के संपर्क में उसका एक दोस्त और माता-पिता भी थे। उनका भी कोरोना टेस्ट कराया गया है।

होटल में आने वाले हर यात्री का देखा जाएगा यात्रा इतिहास

स्वास्थ्य सचिव ने आदेश जारी किए हैं कि सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी होटल संचालकों को उनके यहां आने वाले लोगों के इन-आउट के दौरान उनके पिछले 15 दिन के यात्रा इतिहास का रिकॉर्ड रखना होगा। ऐसा न करने पर होटल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं पुलिस को अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

विदेश से आने वालों पर डीसी रखें नजर

स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरपर्सन व डीसी को पत्र लिखा है और केंद्र सरकार के नियमों को तोड़ने पर महिला के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह किया है। कहा है कि शहर में विदेश से आने वाले सभी लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही होटलों में भी लगातार जांच करवाने को कहा है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों का रिकॉर्ड रखा जा रहा है या नहीं इसका पता चलता रहे।

अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए विशेष निर्देश

  • एयरपोर्ट पर आरटीपीसीआर जांच अनिवार्य
  • रिपोर्ट निगेटिव आने पर 7 दिनों तक घर पर क्वारंटीन किया जाए
  • 8वें दिन उनकी पुन: जांच की जाए
  • दूसरी बार भी रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे पुन: अगले 7 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रखा जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें