जम्मू और कश्मीर में प्रवेश की सख्त शर्तों और परिवहन के अभाव में रावी नदी के रास्ते बॉर्डर पार करने के चक्कर में जम्मू निवासी महिला की डूबकर मौत हो गई। पति ने किसी तरह अपनी जान बचा ली। दोनों रावी नदी के रास्ते जम्मू और कश्मीर जाना चाहते थे लेकिन रास्ते में जलस्तर बढ़ने से दोनों पानी की चपेट में आ गए।
पति ने किसी तरह अपनी जान बचा ली लेकिन महिला गहरे पानी में चली गई। आधे घंटे बाद उसकी लाश उतराई तो पति ने उसे बाहर निकाला। मृतक महिला की पहचान जम्मू के कृष्णा नगर, रेशमगढ़ थाना नवांबाद निवासी मीना के तौर पर हुई है।
यह भी पढ़ें- तस्वीरें: प्रेमी की मौत सह नई पाई प्रेमिका, ठीक वैसे ही सीढ़ी में फंदा लगा जान दी
पुलिस को दिए बयान में महिला के पति शामू ने बताया कि वह गुजरात के नववियानी का रहने वाला है पर पिछले 20 साल से जम्मू में रह रहा है। वह अपनी बेटी से मिलने मोगा गए थे। वापसी पर बस से पठानकोट बाईपास पर उतरे और ऑटो में माधोपुर चले गए। वहां से कोई साधन न मिलने पर पैदल ही नदी के रास्ते जम्मू और कश्मीर की ओर जा रहे थे।
नदी के बीचोंबीच पहुंचते ही पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों पानी के बीच चले गए। वह किसी तरह बाहर निकल आया पर उसकी पत्नी मीना गहरे पानी में चली गई और उसकी मौत हो गई। थाना सुजानपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।