सुखजिंदर सिंह रंधावा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब सरकार में मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने समाचार एजेंसी एएनआई को जानकारी दी है कि करतारपुर कॉरिडोर के उद्घाटन पर भक्तों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, विधायक, राज्य के कैबिनेट मंत्री, केंद्र सरकार के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे और ये सब पत्रकारों के साथ कॉरिडोर की यात्रा पर जाएंगे।
करतारपुर कॉरिडोर के काम का जायजा लेने और डेरा बाबा नानक डेवलपमेंट अथॉरिटी के साथ मीटिंग के बाद वीरवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह डेरा बाबा नानक पहुंचे।
इस दौरान पाकिस्तान द्वारा प्रति श्रद्धालु से सर्विस टैक्स के नाम पर 20 अमेरिकी डॉलर पर किए सवाल में कैप्टन ने कहा कि खुले दर्शन दीदार हमारा धर्म है। कैप्टन ने पाकिस्तान द्वारा लगाए इस टैक्स को जजिया टैक्स की संज्ञा दी।
कैप्टन ने आगे कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार को कह दिया है कि पाकिस्तान ने जो 20 अमेरिकी डॉलर टैक्स वसूलने की बात की है, पंजाब सरकार उससे बिल्कुल भी सहमत नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी इस टैक्स को हटाने के लिए पाकिस्तान पर दबाव बनाने के बारे में कहा है।
पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि आज उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी, केंद्र सरकार और पंजाब सरकार के अधिकारियों से कॉरिडोर को लेकर चर्चा हुई है, जिसमें सभी ने उनको आश्वासन दिया कि सारा काम 30 अक्तूबर तक निश्चित समय में पूरा हो जाएगा।