गेहूं के लिए चाहिए पारा 30 और पहुंचा 40 पार
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में गेहूं की फसल के लिए 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान चाहिए, जबकि इन दिनों पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अधिकांश जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इस गर्मी से फसल में नमी की मात्रा कम हो जाएगी और दाने का आकार कम रह जाएगा। इसका असर गुणवत्ता व पैदावार दोनों पर पड़ेगा। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार किसान फसल में हल्का पानी जरूरत के अनुसार देते रहें।
फरीदाबाद में पारा 40.3 डिग्री सेल्सियस पहुंचा
हरियाणा में दूसरे दिन रविवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। फरीदाबाद में दिन का पारा 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोनीपत में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। महेंद्रगढ़ में 39.9, अंबाला में 39.5, नारनौल में 39.2 और सोनीपत में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक अप्रैल से खरीद, मंडियों में तैयारियां नहीं: कुमारी सैलजा
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने वाली है लेकिन सरकार ने मंडियों में फसल बिक्री के अभी तक पर्याप्त इंतजाम नहीं किए हैं। मंडियों में हर वर्ष रहने वाली अव्यवस्थाओं को देखते हुए सरकार सभी तैयारियां तुरंत पूरी करे, जिससे किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। सैलजा ने मांग की है कि फसल का मंडियों से उठान बिक्री के 24 घंटे के अंदर सुनिश्चित किया जाए और किसानों को 48 घंटे के अंदर भुगतान हो। सरकार किसानों के लिए मंडियों में पीने की पानी की व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, चौकीदार, लकड़ी के क्रेट का इंतजाम भी करे। साथ ही बारिश से गेहूं की फसल को बचाने के लिए पर्याप्त मात्रा में तिरपाल भी मंडियों में उपलब्ध कराए जाएं।