प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 72 घंटे पूरे ट्राइसिटी में भीषण गर्मी के रहेंगे। उसके बाद हवाओं के रुख में बदलाव आएगा। बंगाल की खाड़ी पास नमी मिलेगी। इससे दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि उसके बाद फिर से तापमान बढ़ेगा और लू की स्थिति जून के दूसरे सप्ताह तक जारी रहेगी।
कब आएगा मानसून
इस बार मानसून करीब छह से सात दिन की देरी से आ रहा है। खबरों के मुताबिक छह जून के आसपास मानसून केरल में प्रवेश कर जाएगा। चंडीगढ़ में मानसून की एंट्री 28 जून से दो जुलाई के बीच होती रही है। इस बार पहले से ही देरी है तो संभव है कि चंडीगढ़ में भी मानसून देरी से पहुंचे। हालांकि इस स्थिति के बारे में 15 जून के आसपास पता चल सकेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि इस बार मानसून 99 फीसदी सामान्य रहेगा। इस हिसाब से अच्छी बारिश रहने की संभावना है।
डायरिया के केस बढ़े, जीएमएसएच-16 में बनाया गया स्पेशल वार्ड
पिछले तीन दिन से डायरिया के केसों में बढ़ोतरी हुई है। डायरिया के अधिकतर केस सेक्टर 45 हास्पिटल में रिपोर्ट हुए हैं। डॉक्टरों ने सेक्टर 39 में पीने के पानी में मिलावट की आशंका व्यक्त की है। जीएमएसएच 16 में मेडिकल सुपररिंटेंडेंट डॉ. नागपाल का कहना है कि रोजाना के सात से आठ डायरिया के केस आ रहे हैं।
गर्मियों के सीजन में इतनी संख्या में केस रोजाना आते हैं। सेक्टर 39 से अब तक करीब 19 केस रिपोर्ट किए जा चुके हैं। गर्मी के सीजन को देखते हुए जीएमएसएच-16 में डायरिया के लिए छह बेड का विशेष वार्ड बनाया गया है। बुखार के लिए भी छह स्पेशल बेड रखे गए हैं। उनका कहना है कि डायरिया से बचने के लिए कुछ भी खाने से पहले हाथ जरूर धोएं। इन दिनों बाहर का खाना खाने से बचें।
अगले 72 घंटे में गर्मी व लू से राहत मिलने की कोई उम्मीद दिख नहीं रही। तीन जून से हवाओं की दिशा में बदलाव होगा। उसके बाद अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।
-सुरेंद्र पाल, निदेशक चंडीगढ़ मौसम विभाग