चंडीगढ़ में गर्मी के बीच जाती युवतियां।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में भीषण गर्मी पड़ रही है। इससे लोग परेशान हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सुबह से शाम तक गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों का बुरा हाल रहा। ममि विभाग के अनुसार, लोगों को अभी राहत मिलने वाली नहीं है। गुरुवार को भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।
बुधवार को सुबह से ही तेज गर्मी का प्रकोप लोगों ने झेला। गर्म हवाओं के बीच दोपहर में घर से निकलना मुश्किल हो गया। जरूरी काम से निकले लोग मुंह पर कपड़ा बांधे नजर आए। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क बना रहेगा। गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। आगामी सप्ताह में हवा के चलने और औसत तापमान के सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
चंडीगढ़ के साथ पंचकूला और मोहाली में भी आसमान से आग बरसी। मोहाली में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस और पंचकूला में 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में वीरवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। अगले पांच दिनों तक तापमान में स्थिरता बनी रहेगी। लू भी चल सकती है। इस दौरान घर से निकलना मुश्किल होगा।