मौसम विभाग ने शनिवार को मानसून एक्सप्रेस चंडीगढ़ पहुंचने का दावा किया है। उसके मुताबिक मानसून के लिए अनुकूल पस्थितियां काफी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इससे अगले 12 घंटे में अच्छी बारिश के संकेत बन रहे हैं। चंडीगढ़ के साथ मानसून पंजाब, हरियाणा और दिल्ली को भी अपने दायरे में ले लेगा। साथ ही मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे के भीतर चंडीगढ़ सहित पंजाब व हरियाणा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। देर रात चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में काफी बारिश हुई। हालांकि यह प्री मानसून की बौछार थी।
चंडीगढ़ में दो दिन लेट चंडीगढ़ में मानसून पहुंचने की तय तारीख 30 जून है। कई बार इससे पहले तो कई बार देरी से पहुंचता रहा है। इस बार मानसून दो देरी से चंडीगढ़ में आ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने पहले संभावना जताई थी कि मानसून तय समय से पहले पहुंच जाएगा, लेकिन अरब सागर में बन रहे एक सिस्टम ने मानसून की चाल कमजोर कर दी। इससे मानसून में ठहराव सा आ गया, लेकिन अरब सागर में बना सिस्टम अब खत्म हो गया है। इससे पूरे उत्तर भारत में फिर से मानसून एक्टिव होने की संभावना तेज हो गई है।
इन इलाकों में भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने चेतावनी जारी है कि दो से चार जुलाई के बीच हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुड़गांव और फरीदाबाद में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में सात से 12 सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी तरह से पंजाब के फिरोजपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, फरीदकोट, मुक्तसर और पंजाब के कुछ अन्य इलाकों में सात से 12 सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के बाद उमस से लोग परेशान चंडीगढ़ व आसपास के इलाकों में सुबह बारिश से कुछ देर के लिए राहत तो मिली, लेकिन उसके बाद उमस बढ़ गई। इससे लोग भी काफी परेशान हो गए। शुक्रवार सुबह करीब 5.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। उसके बाद मौसम भी बना, लेकिन बारिश नहीं हो पाई। इससे तापमान में जरूर कमी दर्ज की गई। दिन का तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। इसी तरह से रात का तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन के मुकाबले करीब चार डिग्री कम था।