श्रीनगर से चंडीगढ़ आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट में शुक्रवार को 50 यात्रियों के बैग श्रीनगर में छूट गए। इसके बाद यात्रियों ने इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हंगामा किया।
स्पाइस जेट की फ्लाइट श्रीनगर से शाम 5.20 बजे उड़ान भरी । इसमें बाद 6.30 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड हुई। सभी यात्री अगले गंतव्य के लिए लगेज का इंतजार करने लगे, लेकिन काफी इंतजार बाद भी सामान नहीं मिला।
परेशान यात्रियों ने जब छानबीन की तो पता चला कि 190 यात्रियों में से 50 यात्रियों का सामान श्रीनगर में ही रह गया है। लगेज श्रीनगर में रहने की खबर मिलते ही यात्रियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि अब आगे कहां जाएं, इनमें से कई लोगों को देश के अन्य हिस्सों में जाना था, तो कई लोगों को देर रात दिल्ली से विदेश के लिए उड़ान भरनी थी।
परेशान यात्री सविता ने बताया कि श्रीनगर से चंडीगढ़ उड़ान भरने वाले स्पाइस जेट की फ्लाइट शेड्यूल टाइम शाम 4.05 बजे का था, लेकिन विमान ने करीब एक घंटे कि देरी से सवा 5 बजे के करीब उड़ान भरी, जिससे पहले तो यात्रियों को वहीं एक घंटा इंतजार कर परेशानी का सामना करना पड़ा और फिर बाद में चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लगेज न मिलने से फिर दिक्कत का सामना करना पड़ा।
एक अन्य यात्री जुनैद ने बताया कि उसे दिल्ली की फ्लाइट पकड़नी थी। लगेज नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बने स्पाइट जेट के बूथ पर काम करने वाले स्पाइस जेट के कर्मचारी सहयोग करने की बजाय पेरशान कर रहे हैैं। जुनैद ने बताया कि अब कर्मचारियों ने एक पर्ची दी और शनिवार शाम को लगेज ले जाने की बात करते रहे। अब समझ नहीं आ रहा कहां जाएं।
अधिकारियों ने साधी चुप्पी
यात्रियों कासामान श्रीनगर में छोड़ने की बात पर जब अमर उजाला ने स्पाइस जेट के अधिकारियों से बात करनी चाही, तो ज्यादातर अधिकारियों ने अपनी मजबूरी जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें मीडिया से बातचीत करने का अधिकार नहीं है, जबकि स्पाइस जेट के कॉरपोरेट अफेयर के जनरल मैनेजर अजय जसरा बार-बार फोन काटते रहे ।