शुक्रवार रात को बारिश और आंधी के बावजूद तापमान में कोई फर्क नहीं पड़ा। शनिवार को तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम पूरी तरह साफ था। धूप भी काफी तेज थी। इसलिए लोग परेशान दिखे। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले समय में दिन का तापमान बढ़ सकता है।
रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं, जबकि सोमवार को 42 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। कुल मिलाकर अगले दो दिन तक काफी गर्म रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल 19 मई तक राहत के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। 19 मई को बादल छाने और तापमान गिरने की संभावना है। उसके बाद ही लोगों को थोड़ी गर्मी से निजात मिल पाएगी।
हरियाणा और पंजाब में आंधी के आसार
शुक्रवार को रात काफी तेज हवाएं चलीं। धूल भरी आंधी चलने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चंडीगढ़ सहित आसपास के इलाकों में बारिश भी हुई। करीब 0.7 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, लेकिन तापमान में कोई फर्क नहीं पड़ा। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि हरियाणा में अगले 48 घंटे में लू चल सकती है। अगले 96 घंटों में 45 किलोमीटर की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। पंजाब में भी अगले 48 घंटे के भीतर कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका जाहिर की गई है।