कई दौर की बैठकों के बाद अब दोनों दलों में सीटों को लेकर सहमति बन गई है। शिअद की ओर से बसपा को 18 सीटें दी जाएंगी। दोनों दलों के नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार एक-दो दिन में इस गठबंधन की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
दोआबा-मांझा में लड़ेगी बसपा
पंजाब में दोआबा और मांझा क्षेत्र में दलितों का वोट प्रतिशत अधिक है। शिअद के सूत्रों के अनुसार बसपा के हिस्से में आने वाले 18 सीटों में अधिकांश सीटें दोआबा-मांझा की होंगी। शिअद अपनी पार्टी का आकलन करने के लिए 117 विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे भी करा रहा है।
जल्द लखनऊ रवाना होंगे सुखबीर
बसपा से गठबंधन को अमलीजामा पहनाने के लिए जल्द ही शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल लखनऊ रवाना होंगे। सियासी गलियारों में चर्चा है कि शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल खुद लखनऊ जाकर बसपा सुप्रीमो मायावती से मुलाकात करेंगे। शिअद इस गठबंधन को लेकर काफी गंभीरता से काम कर रही है।
अक्तूबर तक चुनावी घोषणा पत्र तैयार करेगा शिअद
सुखबीर बादल ने शुक्रवार को कहा कि अकाली दल घोषणा पत्र अक्तूबर तक तैयार करेगा। शिअद अध्यक्ष ने यह घोषणा कर्मचारी नेताओं के साथ मुलाकात के दौरान की। उन्होंने कहा कि अकाली दल अपने वादे को पूरा करने में विश्वास रखता है। जैसा कि उसके नेतृत्व वाली सरकारें पहले करती रही हैं।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी बड़े-बड़े झूठे वादे कर लोगों को गुमराह कर सत्ता हासिल करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी मोर्चा के जिला स्तरीय ढांचे की घोषणा जुलाई के अंत तक कर दी जाएगी। उन्होंने राज्य के कर्मचारियों से शिअद का समर्थन करने की अपील की और वादा किया कि अकाली दल की सरकार बनने के बाद कर्मचारी कल्याण बोर्ड के कर्मचारी नेताओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।