मेडिकल कॉलेज और शास्त्री मार्केट उनकी ही देन: प्रेम गर्ग
आम आदमी पार्टी के नेता प्रेम गर्ग ने कहा कि शहर की राजनीति के भीष्म पितामह हरमोहन धवन का इस दुनिया से जाना शहरवासियों व खासकर मेरे लिए बहुत बड़ी क्षति है। 2019 के लोकसभा चुनाव में हम दोनों आम आदमी पार्टी के लिए जी जान से लड़े थे। चंडीगढ़ में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जो खुद को धवन साहब का आदमी न मानता हो। सेक्टर-32 का मेडिकल कॉलेज हो या फिर सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट, ये उनके कारण ही संभव हो सके।
धवन से हर शहरवासी करता था प्यार: लक्की
चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि हरमोहन धवन को हमेशा एक सज्जन व्यक्ति के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने उनसे मिलने वाले हर व्यक्ति पर अपनी छाप छोड़ी। आज चंडीगढ़ ने एक ऐसा शख्स खो दिया है जिसे हर कोई प्यार करता था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दूबे ने कहा कि ने पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने शहर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। वह हर आम आदमी के नेता थे। उनके निधन पर महिला कांग्रेस ने शोक जताया है। वहीं, क्राफ्ट के चेयरमैन हितेश पुरी ने कहा कि आज चंडीगढ़ ने एक ऐसा शख्स खो दिया है जिसे हर कोई प्यार करता था। मेरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।