मोहाली। सनी एनक्लेव में पिछले पांच दिनों से पानी की सप्लाई न आने से लोगों को बाहर से पानी मंगवाना पड़ रहा है। लोग बाहर से पानी के टैंकर खरीदकर रोजमर्रा के काम नहाना-कपड़े धोना आदि निपटा रहे हैं। वहीं, घरेलू कार्यों सहित पीने के लिए लोग बोतलबंद पानी खरीदकर ला रहे हैं। इस मामले में इलाके के पार्षद हरिंदर पाल जोली के नेतृत्व में लोगों ने एसडीएम रविंदर सिंह को मांगपत्र देकर मांग की है कि उनके इलाके को नगर परिषद के अधीन लिया जाए ताकि उन्हें ऐसी दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इलाके में रहने वाले लोगों ने बताया कि जो लोग बोतलबंद पानी लाने में सक्षम नहीं हैं, वे टैंकर का ही पानी पी रहे हैं। इस पानी के प्रयोग से लोगों में जानलेवा बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। वहीं बिल्डर की ओर से पानी की समस्या से परेशान लोगों पर किसी भी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है और लोग मजबूरी में बाहर से पानी खरीद रहे हैं। आठ जून से पानी की सप्लाई बंद होने के कारण यहां के लोग इस भीषण गर्मी में एक एक बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। वे हर साल पानी की किल्लत का सामना करते हैं लेकिन कोई भी उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है।
बता दें कि सेक्टर-125 में हजारों की संख्या में परिवार रह रहे हैं। उनका कहना है कि पानी की सप्लाई रात आठ बजे के बाद आती है और पानी की मोटर उनके घरों के बिल्कुल उलट लगी है। उन्होंने मांग की है कि मोटर से पानी की सीधी सप्लाई न आने के कारण उनके घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। उनकी मांग है कि मोटर से पहले टैंक को भरा जाए और इसके बाद पानी की सप्लाई की जाए ताकि उनके घरों में भी पानी आ सके।
नहाना भी हुआ मुश्किलपूरे इलाके में पानी की सप्लाई बंद होने के चलते घरों में नहाने-धोने से लेकर पीने के लिए पानी की समस्या बनी हुई है। लगभग पांच दिनों से हम लोगों को पानी कि किल्लत हो रही है। इलाके की इस समस्या पर जिम्मेदार लोगों की नजर नहीं पड़ रही। -वेद शर्मा, स्थानीय निवासी
बाहर के पानी से जिंदगी गुजारना मुश्किल
पानी की सप्लाई बीते पांच दिनों से बंद है। इस कारण खाना बनाने के लिए करियाना की दुकान से पानी की बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं। वह पानी शुद्ध है या अशुद्ध इसका कोई पता नहीं। बाहर के पानी से जिंदगी गुजारना बहुत ही मुश्किल है और घातक बीमारियों का डर भी बना रहता है। -राजिंदर सिंह, स्थानीय निवासी
टैंकर के पानी से बीमारी का खतरा
सनी एनक्लेव में पानी की सप्लाई की समस्या चल रही है। इस वजह से इस चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में जीवनयापन करना अत्यधिक दुखद हो गया है। घरेलू कार्यों सहित नहाने-धोने और पीने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है, जिसकी शुद्धता की कोई गारंटी नहीं है। टैंकर के पानी से बीमारियों का भी खतरा मंडराता रहता है। -मनु शर्मा, स्थानीय निवासी