गर्मी बढ़ने के साथ ही चंडीगढ़ में पानी का संकट गहरा गया है। उतरी के मुकाबले दक्षिणी सेक्टरों में रहने वाले लोगों को ज्यादा किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर बनी सोसायटियों और हाउसिंग बोर्ड कालोनियों में पानी का काफी लो प्रेशर है। नगर निगम की ओर से इस बार छतों में रखी टंकियों तक पानी पहुंचाने के लिए रात ढाई बजे से शहर में पानी की सप्लाई करने का दावा किया था, लेकिन इसके बावजूद पानी स्टोर नहीं हो रहा है।
मेयर के वार्ड सेक्टर-37सी की ऊपर की मंजिलों में पानी लो प्रेशर में आता है। वहीं दूसरी ओर शहर में बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। वीरवार रात को धनास, सेक्टर-15, सारंगपुर और सेक्टर-40 में बिजली के कट लगे।
कोट
पूरे शहर में इस समय पानी के लिए त्राहि त्राहि मची हुई है। कई एरिया में सुबह आठ बजे ही पानी चला जाता है जबकि ऊपर की मंजिलों में रहने वालों को ज्यादा दिक्कत आ रही है, क्योंकि उनके यहां पर पानी चढ़ नहीं रहा है।
- पीसी सांघी, चेयरमैन, फॉसवेक।
कोट
बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं, इस कारण पानी भी नहीं आ रहा है। ऊपर की मंजिलों में तो पिछले 15 दिन से लो प्रेशर होने के कारण पानी नहीं पहुंच रहा है।
- दलविंदर सिंह, अध्यक्ष, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-40ए
कोट
स्मार्ट सिटी में 24 घंटे पानी की सप्लाई का दावा किया जा रहा है, लेकिन नगर निगम पहले से तय समय में भी पानी की सप्लाई नहीं दे पा रहा है। नगर निगम की प्लानिंग हर साल फेल होती है।
- सुनील चोपड़ा, अध्यक्ष, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-18।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा दिक्कत
सेक्टर-7, 15, 16, 18, 20, 21, 24, 25, 26, 27, 29, 30, 32, 37, 38, 39, 40, 42, 44, 45, 47, 49, 52 और 61 में लगातार लो प्रेशर के कारण पानी की किल्लत है। जिन एरिया में बूस्टर लगे हुए हैं, वहां पर भी लो प्रेशर की दिक्कत आ रही है। इसके साथ ही मनीमाजरा, धनास, बापूधाम, मलोया और गांव के एरिया में पानी के किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को ग्राउंड फ्लोर या खुद मेहनत करके पानी चढ़ाना पड़ रहा है।
हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर मंगवा सकते हैं टैंकर
नगर निगम की ओर से पानी की किल्लत की शिकायत दर्ज करवाने के लिए 155304 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस पर सुबह आठ से रात आठ बजे तक शहरवासी फोन कर सकते हैं। इस नंबर पर फोन करके शहरवासी अपने घर पानी का टैंकर भी मंगवा सकते हैं।
जनस्वास्थ्य विभाग में एसई का पद तीन साल से खाली
जनस्वास्थ्य विभाग में एसई का पद तीन साल से खाली पड़ा है। रोड विंग के एसई एनपी शर्मा के पास ही चार्ज है। जबकि गर्मी के दिनों में पानी एसई की बहुत जरूरत होती है। विभाग में कार्यकारी अभियंता अधिकारियों का भी टोटा है।