सूत्रों के अनुसार खुफिया विभाग ने अमृतपाल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर के बारे मे विस्तृत जानकारियां हासिल करने के लिए उसके जालंधर से संबंधित कुछ रिश्तेदारों से भी पूछताछ की है। किरणदीप के साथ-साथ उसके यूके में बसे परिवार की पृष्ठभूमि की जानकारी भी जुटाई जा रही है। किरणदीप कौर के साथ अमृतपाल का विवाह पिछले माह 10 फरवरी को हुआ था।
अमृतपाल का संपर्क किरणदीप कौर के साथ कैसे हुआ, वह दोनों एक-दूसरे को कितने समय से जानते थे और किन लोगों ने दोनों परिवारों का आपस में संपर्क करवाया, इन बातों का भी पता लगाया जा रहा है। दुबई से भारत आने से पहले अमृतपाल जकार्ता गया था, इस बारे में किरणदीप को कितनी जानकारी थी, यह भी जांच का हिस्सा है।
अमृतपाल अपनी पत्नी को शादी के बाद भी आम लोगों और रिश्तेदारों से दूर रखता था। इसका क्या कारण था, एजेंसियां इसे भी खंगाल रही हैं। शादी के दौरान और उसके बाद भी अमृतपाल सिंह ने कभी पत्नी को लोगों के सामने नहीं आने दिया। वह हमेशा इसे निजी मामला बताता रहा।
यह भी पढ़ें: Amritpal singh: युवाओं के दिमाग में जहर भर रहा था अमृतपाल; दो बार मीटिंग, फाइनल बातचीत से पहले बिगड़ गया खेल
यहां तक के भाई रणजीत सिंह ढडरियांवाले के बयान के बाद भी अमृतपाल ने कहा था कि ढडरियांवाले को उसके परिवार के निजी मामले में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। पत्नी की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करना या न करना उसका निजी मामला है। पुलिस जांच कर रही है कि पिछले चार दिनों में क्या अमृतपाल ने अपनी पत्नी किरणदीप कौर और अपने ससुराल के किसी सदस्य से संपर्क किया है या नहीं।
यह भी पढ़ें: Khalistan Amritpal Singh News: अमृतपाल की यहां मिली आखिरी लोकेशन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही हो गया फरार
वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह की फरारी के चार दिन बाद भी गांव जल्लूपुर में हालात तनावपूर्ण हैं। गांव में पुलिसकर्मियों की संख्या थोड़ी कम कर दी गई है, लेकिन लोगों के अंदर अब भी दहशत है। जल्लूपुर गांव के गुरुद्वारे में जो नशा छुड़ाओ केंद्र चल रहा था, उसे बंद कर दिया गया है। यहीं पर अमृतपाल युवाओं के दिमाग में जहर भर रहा था।