बदलते मौसम में वायरल का वार, बच्चों की सेहत का रखें खास ख्याल
तापमान में उतार-चढ़ाव से सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज बढ़े बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को सावधानी बरतने की जरूरत
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच सर्दी, खांसी, बुखार और गले में खराश जैसी शिकायतें बढ़ रही हैं। अस्पतालों में ऐसे मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को मौसमी संक्रमण से बचाने के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। लक्षणों को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर पहचान और उचित देखभाल से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।
जीएमसीएच-32 के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल गुगलानी के अनुसार, बदलते मौसम में बच्चों ही नहीं, हर उम्र के लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह-शाम तापमान में अंतर को देखते हुए कपड़े पहनें। पर्याप्त नींद लें, संतुलित भोजन करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। बुजुर्ग और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोग अपनी सेहत में होने वाले बदलावों पर विशेष ध्यान दें। डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं न लें।
पीजीआई के एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर के डॉ. अरुण बंसल के अनुसार, बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए हाथ धोने और खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकने की आदत डालें। बीमार बच्चे को पर्याप्त आराम दें और दूसरे बच्चों के निकट संपर्क से बचाएं।
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, असामान्य सुस्ती या शरीर में पानी की कमी के लक्षण दिखें तो डॉक्टर से संपर्क करें। तीन महीने से कम उम्र के शिशु को 100.4 डिग्री या इससे अधिक बुखार होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
बचाव के लिए अपनाएं ये आदतें
मौसम के अनुसार कपड़े पहनें और पसीने से भीगे कपड़े बदलें।
हाथ साबुन से नियमित धोएं और आसपास सफाई रखें।
बीमार होने पर आराम करें और दूसरों से संक्रमण फैलने से बचें।
लक्षण बढ़ने पर खुद दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह लें।