कहते हैं शौक बड़ी चीज होती है। शौक न हो तो फिर जिंदगी में मजा ही क्या है। इसे जिंदा रखने के लिए लोग न जाने क्या से क्या कर जाते हैं। जेब भले कितनी भी ढीली क्यों न हो जाए, जिन्होंने अपने शौक पूरे करने हैं, वो कर ही जाते हैं। कुछ ऐसा ही शुक्रवार को देखने को मिला सीएच 01 बीक्यू सीरीज के फैंसी नंबरों की ई ऑक्शन में। इस दौरान पंचकूला के सेक्टर-9 के रहने वाले इंदर गुप्ता ने अपनी बलेनो गाड़ी के के लिए सबसे ऊंची बोली लगाकर सीएच 01 बीक्यू 0001 नंबर अपने नाम कर लिया।
गुप्ता ने 0001 नंबर के लिए पांच लाख तेरह हजार रुपये की बोली लगाई थी। वहीं, दूसरी सबसे ऊंची बोली सीएच 01 बीक्यू 0005 नंबर के लिए लगी। चंडीगढ़ के सेक्टर-9 निवासी हरपाल सिंह अहलुवालिया ने यह नंबर ई ऑक्शन के जरिए 4 लाख रुपये की बोली लगाकर हासिल किया। हरपाल सिंह आहलुवालिया ने बताया कि उन्होंने यह नंबर अपनी फॉरच्यूनर गाड़ी के खरीदा है। हरपाल सिंह ने बताया उनके पास इस समय पांच गाड़ियां हैं, सभी गाड़ियों का नंबर 0005 है।
आरएलए की ओर से शुक्रवार को सीएच 01 बीक्यू सीरीज के फैंसी नंबरों की ई-ऑक्शन में कुल 224 बिडर्स ने हिस्सा लिया। फैंसी नंबरों की ई-ऑक्शन के जरिए आरएलए को कुल 58.65 लाख रुपये की कमाई हुई।
बीवी को गिफ्ट की फॉरच्यूनर, 3.06 लाख का 0009 नंबर
सेक्टर-22 निवासी चौधरी पुष्पिंदर सिंह ने अपनी बीवी को फॉरच्यूनर गाड़ी गिफ्ट की। फारच्यूनर गाड़ी के लिए चौधरी पुष्पिंदर सिंह ने ई-ऑक्शन के जरिए सबसे बड़ी बोली लगाकर सीएच 01 बीक्यू 0009 नंबर 3.06 लाख रुपये में खरीदा। चौधरी पुष्पिंदर सिंह ने बताया कि उनके पास कुल पांच लग्जरी गाड़ियां हैं। इनमें से तीन लग्जरी गाड़ियों का नंबर 0009 और दो लग्जरी गाड़ियों का नंबर 0090 है।
इस तरह लगी फैंसी नंबरों के लिए बोली...
गाड़ी नंबर-------------------एप्लीकेंट का नाम-------ई ऑक्शन की बोली
सीएच 01 बीक्यू 0007-------बलवंद सिंह संधू--------2.39 लाख
सीएच 01 बीक्यू 0002-------दीपिका ठुकराल---------2.24 लाख
सीएच 01 बीक्यू 0003-----बाजवा अर्जुन प्रापर्टी-------2.18 लाख
सीएच 01 बीक्यू 7777--------सौरभ गर्ग-------------1.24 लाख
सीएच 01 बीक्यू 0077-------भूपिंदर सिंह------------1.20 लाख
सीएच 01 बीक्यू 9999-----प्रतीक अहलावत----------1.13 लाख