वायरल वीडियो की स्क्रीनशॉट तस्वीर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के कपूरथला जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। इसमें एक युवक को गांव के कुछ युवकों ने घेर रखा है। यवक नशे में है। वहीं लोग उससे पूछताछ करने में जुटे हैं। तलाशी लेने पर युवक की जेब से सीरिंज और माचिस की डिब्बी मिली।
वायरल वीडियो गांव हमीरा की बताई जा रही है। युवकों का कहना है कि कई बार नशे तस्करी करने वालों के बारे में पुलिस प्रशासन को जानकारी दी गई लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। हालांकि सुभानपुर के एसएचओ हरदीप सिंह ने कहा कि ऐसा कोई मामला उनके पास नहीं आया है। पुलिस नशा करने वालों और बेचने वालों के खिलाफ सक्रिय है और कई मामले भी दर्ज किए जा चुके है।
वायरल वीडियो में गांव हमीरा के कुछ युवक नशे में धुत्त युवक को रोकते हैं। नशा कहां से खरीदकर लाया है... इस बारे में पूछते हैं। वह सिर्फ इतना ही बताता है कि सड़क किनारे एक युवक खड़ा था, उससे 150 रुपये में खरीदा है। तलाशी लेने पर जेब से एक सीरिंज और माचिस की डिब्बी मिलती है। गांव के युवक उससे बार-बार पूछते हैं कि कौन सा नशा किया है। इस पर युवक बताता है कि चिट्टे का नशा किया है।
गांव के युवकों ने बताया कि युवक नशा करने के बाद भंगड़ा कर रहा था। जब गांव के लोग एक गली से बाहर करते तो वह दूसरी में घुस जाता था। इसके बाद उसे पकड़ कर यह जानने की कोशिश की गई कि वह नशा कहां से लाया है? नशेड़ी दूसरे गांव से नशा खरीदने गांव हमीरा आया था। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लगभग तीन महीने पहले गांव के बाहर नशे में धुत्त एक युवक की मौत भी हो चुकी है।