कुशलदीप सिंह ढिल्लों का निर्माणाधीन फार्म हाउस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
आय से अधिक मामले में फरीदकोट के पूर्व कांग्रेसी विधायक कुशलदीप ढिल्लों के खिलाफ चल रही जांच विजिलेंस ने तेज कर दी है। मंगलवार को विजिलेंस ने मोहाली जिले में उनके निर्माणाधीन इमारत की पैमाइश की। इस दौरान पूर्व विधायक खुद मौजूद रहे। करीब तीन घंटे तक यह कार्रवाई चली। उन्होंने कहा कि वह नियमों के मुताबिक ही कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंधी विजिलेंस को सारे दस्तावेज सौंपे हैं।
विजिलेंस जनवरी से ढिल्लों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच कर रही है। इससे पहले उन्हें एक बार विजिलेंस दफ्तर में बुलाकर पूछताछ की जा चुकी है। इस दौरान वह अपने वकीलों के साथ पेश हुए थे। उन्होंने कहा था कि वह पेशे से बिजनेसमैन हैं और उनका सारा रिकॉर्ड ऑन लाइन है। उन्होंने चुनाव के समय नामांकन भरते समय अपनी संपत्ति का ब्योरा निर्वाचन आयोग को दिया था। उनकी तरफ से कुछ भी नहीं छिपाया गया है। अगर इसके बाद विजिलेंस को जानकारी चाहिए तो वह अपनी तरफ से पूरा सहयोग देंगे।
विजिलेंस के पास ढिल्लों के खिलाफ एक शिकायत आई थी। इसी को आधार बनाकर उनसे पूछताछ की गई। याद रहे जब से राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, तब से लगातार विजिलेंस की तरफ से भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम तेज की हुई। अब तक छह के करीब पूर्व मंत्रियों पर केस दर्ज किए जा चुके ळै। जबकि छह से अधिक पूर्व विधायक व मंत्रियों के खिलाफ जांच चल रही है।