हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने नशा के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के लिए राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में एक कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने पुलिस पर ही सवाल उठा दिए। छात्र के वायरल वीडियो में वह एनसीबी डीएसपी से सीधे सवाल करता दिख रहा है कि यहां से थोड़ी दूरी पर पुलिस चौकी है और उसके सामने ही गांजा मिलता है। क्या यह पुलिस की नाकामी नहीं है?
राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में आईआईटी कैंपस में दो दिन पहले एनसीबी की तरफ से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें अशोका यूनिवर्सिटी, एसआरएम यूनिवर्सिटी व डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को भी बुलाया गया था। उन्हें नशे के खिलाफ जागरूक रहने के लिए एनसीबी के डीएसपी सतीश कुमार प्रेरित कर रहे थे।
सतीश कुमार नशेड़ियों व नशे के सौदागरों के बारे में विद्यार्थियों को आगाह कर रहे थे कि कहीं भी नशा बेचने की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस पर एक विद्यार्थी खड़ा होता है और उसने एक के बाद एक कई सवाल पूछने शुरू कर दिए। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें विद्यार्थी कह रहा है कि कार्यक्रम में हम चार विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी आए हैं। यूनिवर्सिटी नशे का सबसे बड़ा एपिसेंटर है। आज के समय में गांजा मिलना या फिर अन्य नशे का सामान मिलना टॉफी, लॉलीपॉप लेने जितना आसान है। फर्स्ट ईयर या सेकंड ईयर का एक छात्र गांजा डीलर को ट्रेस कर लेता है तो पुलिस क्यों नहीं कर पाती?
विद्यार्थी बोला क्या पुलिस पीछे छुपती है
विद्यार्थी फिर कहते दिखा रहा है कि जब एक विद्यार्थी आसानी से नशा तस्कर को ट्रैक या ट्रेस कर लेता है तो क्या ऐसा नहीं लगता कि पुलिस पीछे छिपती है। उसने कहा कि आईआईटी कैंपस से थोड़ी दूरी पर पुलिस चौकी है और उसके सामने ही गांजा या नशे का दूसरा सामान मिलता है तो क्या यह पुलिस की बड़ी नाकामी नहीं है।
जागरूकता शिविर के दौरान विद्यार्थी ने कुछ सवाल किए थे और नशे के कारोबार को लेकर पूछा था कि चौकी के सामने गांजा बिकता है। जिस पर छात्र को संतुष्ट कर दिया था। उनकी टीम भी इसे लेकर निगरानी रखेगी और स्थानीय पुलिस भी इससे अवगत हो चुकी है। इस पर ठोस कार्रवाई की जाएगी। नशे के धंधे में संलिप्त लोगों को धर दबोचा जाएगा। मामले में विश्वासनीयता का भी पता लगाया जा रहा है। उसके बावजूद निगरानी लगा दी है। नशा किसी सूरत में बिकने नहीं दिया जाएगा। सतीश कुमार, डीएसपी, एनसीबी।