पंजाब के नगर परिषद और पंचायत चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन ने जीत का परचम फहराया है। 122 नगर परिषदों व पंचायतों के लिए बुधवार को हुए चुनाव में अधिकतर सीटों पर गठबंधन काबिज हुआ है। समाचार लिखे जाने तक प्राप्त हुए 112 नगर परिषदों/पंचायतों के नतीजों में गठबंधन को 68 में स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ। प्रदेश के मालवा, माझा व दोआबा तीनों हिस्सों में इसकी बढ़त रही।
छिटपुट हिंसक घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा तथा इस दौरान 78.60 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, राज्य चुनाव आयोग ने फिरोजपुर तथा समाना के कुल पांच बूथों पर गड़बड़ी के चलते पुनर्मतदान का फैसला लिया है। राज्य के चुनाव आयुक्त एसएस बराड़ के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने में प्रशासनिक व पुलिस अमले का पूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि मौसम की खराबी के बावजूद इतना मतदान होना, लोकतांत्रिक मूल्यों में लोगों के विश्वास को दर्शाता है।
वहीं, शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल और पंजाब भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा ने इसे पंजाब सरकार की नीतियों व प्रदेश में हुए विकास की जीत बताया है। उन्होंने इस जीत के लिए कार्यकर्ताओं के योगदान की भी सराहना की है।
नगर निगम चुनाव की मतगणना आज
नगर निगम बठिंडा, मोहाली, मोगा, होशियारपुर, पठानकोट और फगवाड़ा के लिए गत 22 फरवरी को हुए मतदान की काउंटिंग वीरवार को होगी। पटियाला व जालंधर नगर निगमों के तीन वार्डों के उपचुनाव की मतगणना भी इसके साथ ही होगी। नतीजे दोपहर बाद तक घोषित होंगे।
मजीठा की सभी 13 सीटें शिअद को
अमृतसर । नगर काउंसिल मजीठा में अकाली दल ने सभी 13 सीटों पर जीत हासिल की है। कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने शानदार जीत के लिए लोगों का शुक्रिया अदा करते हुए इसे बादल सरकार के विकास कार्यों के हक में दिया गया जनादेश करार दिया है।
राजा जोशी जीते
कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी के भाई और भाजपा प्रत्याशी राजा जोशी ने शिअद के शहरी अध्यक्ष मनोज कुमार टिम्मा को मात दी। नामांकन के दौरान अकाली नेताओं ने जोशी से मारपीट की थी। तरनतारन नगर काउंसिल के 23 वार्डों में से शिअद ने 16 और भाजपा ने 7 में जीत हासिल की है।