चंडीगढ़। सुरजीत बाउंसर हत्याकांड मामले में संजीव महाजन के नारको टेस्ट कराने की याचिका पर अब 14 जून को सुनवाई होगी। शुक्रवार को याची के वकील ने केस में जवाब देने के लिए समय मांगा, जिस पर जिला अदालत 14 जून तक सुनवाई स्थगित कर दी।
25 मई को संजीव महाजन के वकील राजेश शर्मा ने अदालत से अपील की थी कि उन्हें संजीव महाजन से मिलने की अनुमति दी जाए, उसकी सहमति के बाद ही नारको टेस्ट करवाया जाए। इस पर 4 जून को सुनवाई होनी थी। वकील ने बताया कि गाइडलाइन के मुताबिक, नारको टेस्ट के लिए संजीव की सहमति जरूरी है। यदि उसकी सहमति मिल जाती है तो अदालत में इसे दाखिल किया जाएगा।
सुरजीत की पत्नी ने जताया था महाजन पर शक
सुरजीत बाउंसर की पत्नी ने पुलिस को बयान दिया था कि महाजन का सुरजीत की हत्या में हाथ हो सकता है। संजीव महाजन और सुरजीत लंबे समय से एक दूसरे के जानकार थे। सेक्टर 37 की कोठी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनमें विवाद हो गया था। सुरजीत की हत्या के दौरान मौके पर सबसे पहले संजीव महाजन पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी संजीव का 2 दिन का रिमांड लिया था। पुलिस का कहना था कि संजीव ने पुलिस का सहयोग नहीं किया है। वह शातिराना तरीके से अपने बयान से पुलिस को गुमराह कर रहा है। इसके चलते पुलिस उसका नारको टेस्ट करवाना चाहती है।