महेंद्रगढ़ के गांव बसई की बेटी ममता यादव ने पांचवां स्थान हासिल किया। ममता ने बताया कि वह प्रतिदिन आठ से दस घंटे पढ़ती थीं और स्वयं के नोट्स बनाती थी। सोशल मीडिया से हमेशा दूरी बनाकर रहती थीं। परीक्षा के दौरान तो 12 से 15 घंटे भी पढ़ाई की। ऐच्छिक विषय फिजिक्स ही रखा, क्योंकि शुरुआत से ही अच्छी पकड़ थी।
ममता ने अपना पहला कैडर दिल्ली तथा दूसरा मध्य प्रदेश भरा है। उन्होंने बताया कि वह सरकारी योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने जूनियर्स को संदेश दिया कि मन लगाकर अच्छी पढ़ाई करें और जितना वो पढ़ेंगे उतने अवसर उनको मिल पाएंगे। ममता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। ममता के बड़े भाई महेश यादव एक्साइज इंसपेक्टर हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब के सीएम का अलग अंदाज: पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी पहुंचे चन्नी ने डाला भंगड़ा, जमकर थिरके
गांव कांवी की बेटी देवयानी की 11वीं रैंक
गांव कांवी की बेटी एवं हिसार मंडल के कमिश्नर विनय सिंह यादव की बेटी देवयानी यादव ने यूपीएससी की परीक्षा में ऑल इंडिया में 11वां स्थान हासिल किया है। देवयानी मूलरूप से नारनौल के गांव कांवी की रहने वाली है। वर्तमान में देवयानी राजस्थान के अलवर जिला में बाल विकास प्रोजेक्ट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
देवयानी की इस सफलता से परिवार में खुशी की लहर है। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ देवयानी तथा उनके परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लग गया। देवयानी ने 10वीं व 12वीं कक्षा सेक्रेड हर्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंडीगढ़ से की। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियर से ग्रेजुएशन की है। देवयानी पिलानी के बीआईटीएस तथा गोआ कैंपस से शिक्षित है।