बैनर, पोस्टरों और होर्डिंग्स पर चुनाव आयोग की सख्ती के चलते लोकसभा चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार प्रचार के नए-नए तरीके ईजाद कर रहे हैं।
लुधियाना में आजाद उम्मीदवार सिमरजीत सिंह बैंस और शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार मनप्रीत सिंह अयाली के समर्थकों ने अब टी-शर्ट के जरिए प्रचार शुरू कर दिया है। इलाके में युवा अपने पसंदीदा उम्मीदवारों की फोटो लगी टी-शर्ट पहने घूम रहे हैं।
चुनाव आयोग ने प्रचार करने के लिए हर उम्मीदवार को 70 लाख रुपये खर्च करने की सीमा तय की है। झंडे और बोर्ड में काफी खर्च होने के कारण समर्थकों के पास पूरी प्रचार सामग्री नहीं पहुंच पा रही है। जिस वजह से उम्मीदवारों के समर्थकों ने ही टी-शर्ट बनवा कर लोगों को बांटनी शुरू कर दी है ताकि उनके उम्मीदवार का प्रचार हो सके।
लुधियाना में आजाद प्रत्याशी सिमरजीत सिंह बैंस की फोटो वाली टी-शर्ट फ्री में बांटी जा रही है वहीं गठबंधन के उम्मीदवार मनप्रीत अयाली और नरेंद्र मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट बाजार में 110 रुपये में मिल रही है।
अयाली की टी-शर्ट फ्री
अकाली दल से बागी होकर आजाद तौर पर चुनाव लड़ रहे सिमरजीत सिंह बैंस की टी-शर्ट बनाने वाले उद्यमी सरबजीत सिंह बाबा ने कहा कि उन्होंने पहले बैंस की फोटो वाली करीब सौ टी-शर्ट बनवाई थी।
पहले सोचा कि पता नहीं, कोई फोटो वाली टी-शर्ट पहनेगा भी या नहीं। लेकिन जैसे ही टी-शर्ट बन कर आई तो युवाओं की कतार ही लग गई। उसके बाद उन्होंने पांच सौ टी-शर्ट और तैयार करवाई।
वह भी उनके समर्थक लेकर जा चुके हैं। अब पांच सौ टी-शर्ट फिर से तैयार करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि टी-शर्ट के पैसे नहीं लिए जा रहे हैं। सभी को टी-शर्ट फ्री में दी जा रही है।
अयाली-मोदी की टी-शर्ट 110 रुपये
यूथ अकाली दल पंजाब के उप प्रधान और अकालगढ़ मार्केट के दुकानदार मनप्रीत सिंह बंटी ने कहा कि उन्होंने पहले मनप्रीत अयाली और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की फोटो वाली करीब एक हजार टी-शर्ट बनवाई थी। जो उन्होंने लोगों में फ्री बांट दी।
लेकिन उसके बाद टी-शर्ट की डिमांड काफी बढ़ने लगी और उन्होंने 1500 टी-शर्ट दोबारा से तैयार करवाई। जिसका दाम उन्होंने 110 रुपये प्रति टी-शर्ट रख दिया। वह भी हाथों-हाथ बिक गई। उन्होेंने कहा कि अब मार्केट में करीब तीन से चार हजार टी शर्ट के पीस तैयार होकर और आए हैं। जो मार्केट में 110 रुपये के हिसाब से बेचे जा रहे हैं।