नौकरियों में फर्जीवाड़े के मामले को लेकर हरियाणा यूथ कांग्रेस ने भर्ती घोटाले के खिलाफ विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले हाईकोर्ट चौक पर नौकरियों का अनोखा काउंटर लगाया। नौकरियों की दुकान और साथ ही हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) का नाम भी लिखा है।
सरकार पर 'पैसा लाओ नौकरी पाओ' का आरोप लगाया। बाकायदा अलग-अलग श्रेणियों के नौकरियों के रेट भी इस काउंटर पर लिखे गए हैं और कुछ बोरे भी रखे गए हैं जिनमें कहा गया है कि यह नोटों के भरे बोरे हैं जो अधिकारियों ने नौकरियों के बदले लिए हैं। सरकार के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। युवा प्रदेश प्रधान दिव्यांशु बुद्धिराजा ने आरोप लगाया कि सरकार मामले को दबा रही है। इसे बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
विधानसभा घेराने जा रहे जयहिंद और समर्थकों पर बरसाईं पानी की बौछारें
हरियाणा में नौकरियों के फर्जीवाड़े मामले को लेकर विधानसभा का घेराव करने के लिए शुक्रवार को नवीन जयहिंद सैकड़ों युवाओं के साथ चंडीगढ़ पहुंचे। हाथों में गीता, गंगाजल, गोमूत्र और गोबर लिए युवाओं ने बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार करके उनको रोक दिया। बाद में उनको हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गए।
करीब एक घंटे तक मटका चौक पर हंगामा चला। दोपहर के बाद जयहिंद के नेतृत्व में काफी संख्या में युवा सेक्टर-17 परेड ग्राउंड के पास एकजुट हुए। युवाओं ने एचपीएससी व एचएसएससी की शव यात्रा निकाली। जैसे ही उन्होंने आगे बढ़ने की कोशिश तो पुलिस ने बैरिकेडिंग करके उनको रोक लिया। इस दौरान काफी देर तक पुलिस और युवाओं में धक्का-मुक्की भी चली।
पुलिस ने वाटर कैनन से उन पर पानी की बौछारें कीं। इसके बाद पुलिस ने नवीन जयहिंद और उसके साथियों को हिरासत में ले लिया। जयहिंद का कहना है कि नौकरियों के मामले में सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए और गड़बड़ी रोकने को फीडबैक सिस्टम लागू किया जाए।
आईएसओ ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
नौकरियों के मामले में ही निष्पक्ष जांच के लिए इनेलो की छात्र इकाई आईएसओ ने कर्ण चौटाला व अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में हरियाणा के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि नागर के समय हुई भर्तियों को रद्द किया जाए। साथ ही इस मामले की सीबीआई या फिर हाईकोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में जांच की जाए। इस मौके पर आईएसओ प्रदेशाध्यक्ष अरविंद गोस्वामी और इनेलो प्रदेशाध्यक्ष, इनेलो यूथ प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत संधु, समेत अन्य नेता मौजूद रहे।