केंद्रीय बजट 2024-25 को लेकर चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने इस बजट को जनता के हित में न होना बताया है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 का आम बजट पेश किया। बजट को लेकर सभी दलों के नेता अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सत्ता पक्ष के नेता इसे बेहतर बजट बता रहे हैं तो वहीं विपक्ष के नेताओं ने सवाल खड़े किए हैं। चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने बजट को लेकर कटाक्ष किया है।
विज्ञापन
चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने केंद्रीय बजट 2024-25 पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। तिवारी ने कहा कि एक कहावत है कुत्ते की पूंछ ही हिलती है। इस बार का केंद्रीय बजट कुछ ऐसा ही है। इस बजट में केंद्र सरकार के गठबंधन की मजबूरी साफ झलक रही है।
तिवारी ने कहा कि इस बार का बजट गठबंधन के दबाव में बनाया गया है। इसमें स्पष्टता और दूरदर्शित का अभाव साफ झलक रहा है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल राजनीतिक मजबूरियों को पूरा करने के लिए बनाया गया है। इस बजट में देश के आर्थिक विकास और जनता की भलाई कहीं भी नहीं है।