फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम मनोहर लाल और वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बजट को बताया जन हितैषी, विपक्ष ने नकारा

Fri, 05 Jul 2019 09:46 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
हरियाणा सीएम मनोहर लाल - फोटो : फाइल
विज्ञापन

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की दूसरी पारी के पहले आम बजट को मनोहर लाल सरकार ने बेहतरीन बताया है तो विपक्ष ने पूरी तरह से नकार दिया है।

विज्ञापन


सीएम मनोहर लाल और उनके मंत्रिमंडल की नजर में यह बजट गांव, गरीब और किसान पर केंद्रित है। जिससे नए भारत का निर्माण होगा। कांग्रेस, इनेलो, जजपा और कर्मचारियों को बजट से कुछ खास आस नहीं दिख रही है। विपक्ष ने बजट को जीरो बताया है।

निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा: मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस बजट से निश्चित तौर पर निवेश एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। बजट में समाज के सभी वर्गों के कल्याण का ध्यान रखा गया है।
विज्ञापन


विकास के नए आयाम हरियाणा सहित पूरे देश में स्थापित होंगे। वर्ष 2022 तक हर ग्रामीण घर में बिजली एवं खाना पकाने की स्वच्छ सुविधा पहुंचाना, जीरो बजट खेती पर जोर, प्रधानमंत्री कर्मयोगी मानधन योजना से हरियाणा में भी बहुत बड़ा वर्ग लाभान्वित होगा। 

करदाताओं को राहत मिलेगी। मध्यम वर्ग के लिए मकान खरीदने में आसानी होने से प्रॉपर्टी में बूम आएगा। हरियाणा में भी हर व्यक्ति के पास अपना घर होगा। यह एक ऐसा बजट है, जिसकी अत्यधिक आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संपूर्ण बजट है, जिससे विदेशी निवेश के द्वार खुलेंगे और भारत निवेशकों की पहली पसंद बनेगा।

प्रगतिशील और विकासोन्मुखी बजट: कैप्टन अभिमन्यु

हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु - फोटो : फाइल
हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बजट को ऐतिहासिक और विकासोन्मुखी बताया है। उन्होंने कहा कि इससे गांव, गरीब, युवाओं, महिलाओं और किसानों का कल्याण होगा। यह प्रगतिशील और मजबूत भारत की नींव रखने वाला बजट है, जिसमें देश के 130 करोड़ लोगों का ध्यान रखा गया है। 

रेलवे में देशभर में आदर्श किराया कानून लागू करने से हर वर्ग लाभान्वित होगा। 59 मिनट में छोटे दुकानदारों को लोन उपलब्ध करवाने से हरियाणा में व्यापार और बढ़ेगा। ‘हर घर जल, हर घर नल’ से प्रदेश के बड़े वर्ग को फायदा मिलने वाला है। सड़कों को अपग्रेड करने से प्रदेश का हर गांव सड़क से जुड़ जाएगा।

शिक्षा का बजट बढ़ने से सुधरेगा शैक्षणिक स्तर : शर्मा
शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा ने बजट को शिक्षा क्षेत्र के लिए अभूतपूर्व बताया है। उन्होंने कहा कि स्टडी इन इंडिया कार्यक्रम शुरू होने से विदेशी छात्र भारत के उच्च शिक्षा संस्थाओं में पढ़ सकेंगे। शिक्षा के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान करने से शैक्षणिक स्तर सुधरेगा। शिक्षा का बजट पिछले वर्ष के संशोधित अनुमानों की तुलना में तीन गुना से अधिक है। 

नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति से हरियाणा में भी अहम बदलाव होंगे। जहां पांच साल पहले तक एक भी भारतीय शिक्षा संस्थान विश्व के 200 शीर्ष विश्वविद्यालयों की सूची में नहीं था, वहीं आज देश के दो भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों ने इस सूची में अपनी जगह बना ली है।

वाणिज्य क्षेत्र का होगा समग्र विकास: विपुल

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इससे उद्योग एवं वाणिज्य क्षेत्र का समग्र विकास होगा। जहां बड़े उद्योगपतियों के लिए व्यवसाय करना आसान होगा, वहीं एमएसएमई से जुड़े एंटरप्रिन्योर बजट की नीतियों से प्रोत्साहित होंगे।

 उन्नत प्रौद्योगिकी वाले उदीयमान उद्योगों और स्टार्ट-अप्स में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष योजना का शुभारंभ होने से सेमी-कंडक्टर फैब्रिकेशन (एफएबी), सोलर फोटो वोल्टिक सेल, लिथियम स्टोरेज बैटरियों, सोलर इलेक्ट्रिक चार्जिंग बुनियादी ढांचागत सुविधाओं, लैपटॉप और कंप्यूटर सर्वर जैसे उदीयमान एवं उन्नत प्रौद्योगिकी वाले क्षेत्रों में बड़े विनिर्माण संयंत्रों की स्थापना होगी। 

हरियाणा में इससे निश्चित ही नया निवेश आएगा। सीमा शुल्क लगाने से आयात पर निर्भरता कम होगी तथा एमएसएमई सेक्टर को संरक्षण मिलेगा। एमएसएमई की ऋण तक सुगम पहुंच से हरियाणा के उद्योगों को संजीवनी मिलेगी।

विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा - फोटो : फाइल
नीरस बजट, निराशा में बदली आशा: हुड्डा
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि बजट से जो आशाएं थी, वह पूरी तरह निराशा में बदल गईं। नीरस बजट है। किसानों को फिर झुनझुना मिला है। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू किए जाने की उम्मीद थी, मगर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। बजट पूरी तरह से आंकड़ों का मायाजाल है। 

इससे किसान की आय दोगुनी नहीं हो सकती। अंतरिम बजट के आवंटन को हूबहू बनाए रखा गया है। ऐसे में नए बजट की जरूरत ही क्या थी? बेरोजगारी झेल रहे युवाओं के लिए निराशाजनक बजट है। किसानों को फसल के उचित दाम दिलाने की कोई योजना नहीं बताई गई, न ही सूखे से निपटने का कोई जिक्र बजट में है।

दस सांसद देने वाले हरियाणा को मिला ठेंगा: दुष्यंत
पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने तमाम वर्गों के लिए बजट को निराशाजनक बताया है। दुष्यंत ने कहा कि भाजपा सरकार को लोकसभा चुनाव में जनता ने भारी बहुमत के साथ एक बार फिर से सत्ता की कुर्सी सौंपी थी लेकिन मोदी सरकार ने केवल महंगाई की मार जनता पर मारी है। 

दस सांसद देने वाले हरियाणा को बजट में ठेंगा मिला है। युवाओं के लिए एक भी नई योजना नहीं है, इससे प्रदेश में बेरोजगारी और बढ़ेगी। किसानों के लिए भी कुछ खास बजट में नहीं है। केंद्र सरकार केवल बातों से ही किसानों की आय दोगुनी करना चाहती है। हरियाणा के लिए पहले से घोषित प्रोजेक्ट्स पर भी बजट में चुप्पी साधी गई है।

कर्मचारियों की पूरी तरह से अनदेखी: लांबा
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने बजट में कर्मचारी वर्ग की पूरी तरह अनदेखी पर कड़ी नाराजगी जताई है। संघ के महासचिव सुभाष लांबा ने कहा कि बजट में पुरानी पेंशन बहाल करने, अनुबंध पर लगे ठेका कर्मचारियों को नियमित करने, समान काम के लिए समान वेतन देने, जीपीएफ, ईपीएफ की ब्याज दर बढ़ाने आदि कर्मचारियों की लंबित मांगों की अनदेखी की गई है। बजट में आयकर छूट की सीमा को भी नहीं बढ़ाया गया है। जिसको लेकर कर्मचारियों में सरकार के खिलाफ रोष है।
विज्ञापन

आम आदमी के लिए बेकार बजट: जयहिंद

आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने बजट को बेकार बजट बताया है। उन्होंने कहा कि जनता के लिए धरातल पर मिलने वाली सुविधाओं के लिए कुछ नहीं है।

सिर्फ स्कीमों के नाम बदल दिए गए हैं। पिछले बजट की घोषणायें ठंडे बस्ते में पड़ी हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार का सिर्फ जिक्र किया गया, जमीनी स्तर पर सुधार के लिए इस बजट में कुछ नहीं है। खेलो इंडिया के नाम पर खिलाडियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

हरियाणा को पूरी तरह से किया नजरअंदाज: ढालिया
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने बीरबल दास ढालिया ने कहा कि मनेठी एम्स के नाम पर हरियाणावासियों के साथ धोखा किया गया है। हरियाणा के लिए बजट में ठेंगा है। किसानों के प्रति हमदर्दी जताने के बाद अब इस बजट में ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे किसान उत्साहित हो सकें। बजट उन करोड़ों किसानों और आम नागरिकों के साथ विश्वासघात है, जिन्होंने भाजपा को अभी हाल के लोकसभा चुनावों में ऐतिहासिक बहुमत दिया था।

सरकार ने डीजल की कीमत में एक रुपया प्रति लीटर की वृद्धि कर उसके लागत मूल्य को बढ़ाया है। बजट में किसानों की मांगों को अनदेखा किया गया है।  उन्होंने कहा कि गांधीपीडिया भाजपा के सभी सांसद पढ़ेंगे और अपने जीवनदर्शन में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें